विदेश

होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया एलपीजी से लदा जहाज, जोरदार धमाके से हुआ तबाह

LPG Tanker Explodes In Strait of Hormuz: होर्मुज स्ट्रेट में अब एलपीजी से लदा एक जहाज समुद्री बारूदी सुरंग का शिकार बना है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 3:07 PM IST
LPG tanker explodes
एलपीजी से लदे जहाज में हुआ धमाका (File Photo/ANI)

होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में हर दिन ईरान (Iran) के आदेश का उल्लंघन करने वाले कई जहाज समुद्री बारूदी सुरंगों का शिकार बन रहे हैं। इसके बावजूद इस तरह के मामले कम नहीं हो रहे हैं। ईरान ने इस रणनीतिक जलमार्ग को बंद कर रखा है, वहीँ अमेरिका (United States of America) की नेवी ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजही पहले की तरह सामान्य हो गई है। हालांकि इस बात को मानकर कई जहाज अमेरिकी नेवी द्वारा बताए गए रास्तों के ज़रिए होर्मुज स्ट्रेट से गुज़रने की कोशिश करते हैं, जिन्हें ईरान ने अवैध घोषित किया हुआ है और इसी दौरान वो समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा जाते हैं। आज भी इसी तरह का एक मामला सामने आया है।

समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया एलपीजी से लदा जहाज

आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) की नेवी ने जानकारी दी कि होर्मुज स्ट्रेट में ईरान द्वारा अवैध घोषित रास्ते से गुज़र रहा एलपीजी से लदा एक जहाज आज समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया। इसके बाद उस जहाज में जोरदार धमाका हुआ और साथ ही एलपीजी भी बर्बाद हो गई। आईआरजीसी की नेवी के अनुसार एलपीजी से लदा जहाज कई चेतावनियों के बावजूद भी नहीं रुका और साउथर्न चैनल के ज़रिए इस रणनीतिक जलमार्ग को पार करने की कोशिश की। इसी दौरान वो इस रास्ते में बिछी समुद्री बारूदी सुरंग का शिकार बन गया।

चकमा देने की तरकीब नहीं आ रही काम

ईरानी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के अवैध रास्तों में पानी के नीचे बड़ी संख्या में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाई हुई हैं। ईरानी नेवी को चकमा देने के लिए कई जहाज अपने सभी नेविगेशन और रडार सिस्टम बंद कर देते हैं, लेकिन उनकी यह तरकीब काम नहीं आ रही है, क्योंकि ऐसा करने के बावजूद जहाज समुद्री बारूदी सुरंगों से नहीं बच पा रहे हैं और टक्कर होते ही इन जहाजों में धमाका होता है और फिर आग लग जाती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ईरान ने अमेरिका से युद्ध की वजह से होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर रखा है और यह साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका उसकी शर्तें नहीं मान लेता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला जाएगा।