मेक्सिको की पहली महिला राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के साथ मेक्सिको सिटी की सड़क पर छेड़छाड़ हुई। एक नशे में धुत व्यक्ति ने राष्ट्रपति के साथ ऐसा किया।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के साथ अश्लील हरकत हुई है। बुधवार को सड़क पर एक शख्स ने उनके साथ छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं, उन्हें खुलेआम चूमने की भी कोशिश की गई।
यह घटना उस वक्त हुई, जब वह राष्ट्रपति भवन के पास एक कार्यक्रम में जा रही थीं। कार्यक्रम में जाते वक्त शीनबाम रास्ते में लोगों से हाथ मिला रही थीं।
जब वह लोगों के साथ तस्वीरें ले रही थीं। इस बीच, अचानक एक व्यक्ति पीछे से आया और उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
सोशल मीडिया पर तेजी से इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। राष्ट्रपति के सुरक्षा दल के एक सदस्य ने बताया कि अश्लील हरकत करने वाला व्यक्ति नशे में लग रहा था, जिसे पकड़कर दूर ले जाया गया।
इस घटना के बाद राष्ट्रपति शीनबाम ने प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने कहा कि उस शख्स ने उनके अलावा कई अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसी हरकत की थी। उधर, अधिकारियों ने बताया कि शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है।
राष्ट्रपति ने कहा- अगर मैं इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराती, तो बाकी मेक्सिकन महिलाओं का क्या होता? अगर वे राष्ट्रपति के साथ ऐसा करते हैं, तो हमारे देश की सभी महिलाओं का क्या होगा?
उन्होंने आगे कहा कि सरकार अब इस बात की समीक्षा करेगी। इस तरह की हरकत गंभीर अपराध होना चाहिए। हम अब एक अभियान शुरू करने जा रहे हैं।
बता दें कि देश के 32 संघीय जिलों में से प्रत्येक का अपना आपराधिक कोड है। दिलचस्प बात यह है कि कुछ ही जिलों में इस तरह के व्यवहार के लिए आपराधिक दंड का प्रावधान है। कई जिलों में इसे अपराध नहीं माना जाता है।
इस घटना के बावजूद, शीनबाम ने उस व्यक्ति के साथ विनम्रता से व्यवहार किया। उसके साथ एक तस्वीर लेने के लिए सहमत हुईं और फिर उसकी पीठ थपथपाई।
राष्ट्रपति ने कहा कि वह शख्स पूरी तरह से नशे में मेरे पास आया था, मुझे नहीं पता कि वह ड्रग्स के नशे में था या नहीं। जब तक मैंने वीडियो नहीं देखे, मुझे समझ नहीं आया कि असल में क्या हुआ था।
उस व्यक्ति के खिलाफ मेक्सिको सिटी के अभियोजक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई है, जहां यौन उत्पीड़न कानूनन दंडनीय है। इस घटना के बाद से राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनकी आलोचना की जा रही है।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र महिला के आंकड़ों के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की लगभग 70 प्रतिशत मेक्सिकन महिलाओं को अपने जीवन में कम से कम एक बार यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है।