
अफ्रीकी देशों में अपराध तेज़ी से बढ़ रहा है। पिछले कुछ सालों में अफ्रीकी देशों में स्थिति काफी बिगड़ी है। साउथ अफ्रीका (South Africa) भी अपराध से अछूता नहीं है। देश में समय-समय पर आपराधिक मामले सामने आते रहते हैं। आज भी ऐसा ही देखने को मिला है।
साउथ अफ्रीका में दो अलग-अलग सामूहिक गोलीबारी के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने आज, सोमवार, 16 नवंबर को इसकी जानकारी दी। ये घटनाएं रविवार रात और सोमवार सुबह के बीच हुईं। गोलीबारी की पहली घटना प्रिटोरिया के पास जेफ्सविले अनौपचारिक बस्ती (अटेरिजविले टाउनशिप) में हुई। रविवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच एक झोपड़ी में गोलीबारी हुई। आज सुबह पुलिस को इसकी सूचना मिली। गोलीबारी की दूसरी घटना क्वाजुलु-नताल प्रांत के पीटरमैरिट्जबर्ग शहर के बाहर स्वीटवाटर्स इलाके में हुई। रविवार देर रात पुलिस को इस घटना की सूचना मिली।
गोलीबारी की दोनों घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में 9 लोग मारे गए। सोमवार सुबह पुलिस जब मौके पर पहुंची तब 9 मृतकों के शव बरामद किए गए। इनमें 6 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल थीं। दूसरी घटना में 8 लोग मारे गए और सभी के शव एक गाड़ी से बरामद हुए। ये आठों मृतक पुरुष थे।
गोलीबारी की दोनों घटनाओं के मामले में स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि इन घटनाओं के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस जल्द से जल्द इनका पता लगाने की कोशिश कर रही है। प्रिटोरिया में हुई गोलीबारी में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और पीटरमैरिट्जबर्ग में हुई गोलीबारी में भी संदिग्धों की तलाश जारी है।
साउथ अफ्रीका में अपराध की वजह से हालात काफी खराब है। देश में हत्या की दर दुनिया में सबसे ऊंची दरों में से एक है। अपराध के कारणों में ड्रग तस्करी, अवैध खनन, मिनीबस टैक्सी मार्गों पर कब्जे की होड़ और गैंग्स की सक्रियता प्रमुख हैं। ऐसे में अक्सर ही देश में गोलीबारी के मामले देखने को मिलते हैं। गरीब बस्तियों और अनौपचारिक क्षेत्रों में हिंसा के मामले सामान्य बात हो गई है, क्योंकि इन इलाकों में कानून व्यवस्था व्यवस्था कमजोर रहती है। सरकार और पुलिस अपराध नियंत्रित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसका फायदा नहीं हो रहा है।