
फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां UPS के कार्गो विमान और कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान के बीच टक्कर हो गई। हादसे में यात्री विमान के अगले हिस्से (नाक) को नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मियामी-डेड फायर रेस्क्यू विभाग ने दोनों विमानों के बीच संपर्क होने की पुष्टि की है।
एयरपोर्ट के संचार निदेशक ग्रेग चिन के अनुसार, यह घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 9:15 बजे दो टैक्सी-वे के चौराहे (इंटरसेक्शन) पर हुई। उस समय पनामा सिटी से आ रहा कोपा एयरलाइंस का बोइंग 737 (फ्लाइट 427) लैंडिंग के बाद टैक्सी-वे से गुजर रहा था, जबकि कोलंबिया के बोगोटा जाने के लिए तैयार यूपीएस का बोइंग 767 कार्गो विमान (फ्लाइट 358) प्रस्थान की तैयारी में था। इसी दौरान दोनों विमान आपस में टकरा गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, जो कोपा एयरलाइंस के विमान में सवार एक यात्री द्वारा बनाया गया है, विमान के अगले हिस्से में हुआ नुकसान साफ देखा जा सकता है। वहीं, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के एक कथित ऑडियो में यह कहते हुए सुना गया कि हां, हम थोड़ा आगे निकल गए थे और उनके विंग (पंख) ने हमें छू लिया। मियामी-डेड फायर रेस्क्यू ने दोनों विमानों के टकराने की पुष्टि की है। हालांकि, अन्य उड़ानों को दूसरे टैक्सी-वे की ओर मोड़ दिया गया, जिससे एयरपोर्ट के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
मियामी एयरपोर्ट पर यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका के कई एयरपोर्ट पहले से ही उड़ानों में देरी और रद्द होने की समस्या से जूझ रहे हैं। शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को देशभर में ग्राउंड स्टॉप लागू करना पड़ा था।
इस दौरान संचार व्यवस्था प्रभावित होने से करीब पांच घंटे तक लगभग सभी उड़ानों के प्रस्थान पर रोक लग गई थी। शुक्रवार शाम ग्राउंड स्टॉप हटाने के बाद भी एयरलाइंस को विमानों और क्रू की उपलब्धता व्यवस्थित करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा था कि उड़ान संचालन को सामान्य होने में समय लगेगा। वहीं, FAA प्रशासक ब्रायन बेडफोर्ड ने शनिवार को उम्मीद जताई थी कि रविवार, 15 नवंबर तक अमेरिका में हवाई यात्रा काफी हद तक सामान्य हो जाएगी।
संघीय अधिकारियों के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल के पुराने बुनियादी ढांचे में लगी तकनीकी खामियां इस व्यवधान की प्रमुख वजह थीं। स्विच और राउटर पर डेटा का दबाव बढ़ने से रडार और संचार प्रणालियों में गड़बड़ी पैदा हुई थी।