15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘कायरतापूर्ण हत्या के ऑपरेशन में मारा गया यूनिस’, अल-कस्साम ब्रिगेड ने इजरायल पर लगाया आरोप

Hamas Commander: इजराइल के हमले में हमास कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत हो गई। अल-कस्साम ब्रिगेड ने इसे कायरतापूर्ण हत्या बताते हुए कहा कि यूनिस 7 अक्टूबर हमले की योजना बनाने वालों में शामिल था।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pratiksha Gupta

•

Updated: 15 Nov 2026, 11:11 AM IST

Samir Abu Younis

इजराइल ने हमास के बड़े कमांडर समीर अबू यूनिस को मार गिराया (फोटो सोर्स-@Mujamma_Haraket)

Samir Abu Younis: इजरायल ने गाजा में हमास के एक बड़े कमांडर समीर अबू यूनिस को मार गिराया है। हमास की सैन्य शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड ने उसकी मौत की पुष्टि करते हुए इजरायल पर 'कायरतापूर्ण हत्या' का आरोप लगाया है। ब्रिगेड के अनुसार, यूनिस 7 अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हुए हमले की योजना बनाने और उसकी निगरानी करने वाले अहम कमांडरों में शामिल था।

कैसे और कहां हुआ हमला?

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार शाम को दक्षिण गाजा के खान यूनिस इलाके के पश्चिम में स्थित अल-मवासी क्षेत्र में की गई। इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी 'शिन बेट' ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत इस सटीक हमले को अंजाम दिया। गाजा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रवक्ता महमूद बासल ने मीडिया को बताया कि हमले के बाद मौके से 53 वर्षीय समीर अबू यूनिस का शव बरामद कर लिया गया है। इस हमले में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है। घटना के तुरंत बाद हमास की ओर से भी अपने सीनियर कमांडर की मौत की पुष्टि कर दी गई है। अल-कस्साम ब्रिगेड ने टेलीग्राम पर पोस्ट किया, 'कल शाम एक कायरतापूर्ण हत्या के अभियान में उसकी मौत हो गई।' यूनिस 7 अक्टूबर के हमले की योजना बनाने और उसकी निगरानी करने में शामिल सबसे महत्वपूर्ण कमांडरों में से एक था।

शांति समझौते के बाद भी क्यों जारी हैं हमले?

भले ही अमेरिका की मध्यस्थता से कुछ समय पहले युद्ध रोकने का समझौता हुआ था, लेकिन जमीन पर हालात अब भी तनावपूर्ण हैं। इजराइल और हमास दोनों एक-दूसरे पर समझौते को तोड़ने का आरोप लगाते रहते हैं। हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक गाजा में 1,600 से अधिक फिलिस्तीनी नागरिकों की जान जा चुकी है। वहीं दूसरी तरफ इजराइल का कहना है कि उसकी सुरक्षा और संप्रभुता के लिए ऐसे आतंकवादियों का खात्मा करना बेहद जरूरी है, क्योंकि ये लोग लगातार इजराइल के खिलाफ साजिशें रच रहे थे।

राजनीतिक हलचल और आगे के हालात

इस बीच इजराइल की राजनीति में भी काफी उथल-पुथल मची हुई है। देश के पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट वर्तमान में नई गठबंधन सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक चर्चाओं में जुटे हुए हैं। हालांकि, दूसरी तरफ कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अभी भी देश के सैन्य अभियानों और सुरक्षा से जुड़े तमाम बड़े फैसलों की कमान अपने हाथों में संभाले हुए हैं। फिलहाल, इस बड़े कमांडर के मारे जाने के बाद इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।