विदेश

Microsoft में ग्लोबल आउटेज, Outlook से ईमेल भेजना हुआ बंद, Teams और Copilot भी ठप; हजारों यूजर्स परेशान

Microsoft Global Outage: माइक्रोसॉफ्ट की Outlook, Teams और Copilot समेत कई सेवाएं ठप हो गई। करीब 1.30 लाख यूजर्स ने Outlook में परेशानी की शिकायत की। जानिए कंपनी ने इस तकनीकी खराबी को लेकर क्या बताया।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 8:09 AM IST
Microsoft Outage
Microsoft में बड़ा ग्लोबल आउटेज, Outlook समेत कई सेवाएं ठप

Microsoft Global Outage: माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाओं ने गुरुवार को अचानक काम करना बंद कर दिया। Outlook पर यूजर्स न तो ईमेल भेज पा रहे थे और न ही इनबॉक्स खोल पा रहे थे। Teams और AI असिस्टेंट Copilot भी इस तकनीकी खराबी से प्रभावित हुए। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर करीब 1.30 लाख यूजर्स ने Outlook को लेकर शिकायत दर्ज कराई। माइक्रोसॉफ्ट ने गड़बड़ी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके कुछ सर्वर अचानक उपलब्ध नहीं रहे। कंपनी समस्या को ठीक करने में जुटी रही।

आउटेज ट्रैकर पर दर्ज हुई लाखों शिकायतें

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर के वक्त अचानक करीब 1.30 लाख लोगों ने शिकायत दर्ज कराई कि वे अपना Outlook इनबॉक्स नहीं खोल पा रहे हैं। कई लोगों के ईमेल न तो सेंड हो रहे थे और न ही रिसीव हो रहे थे। धीरे-धीरे शिकायतों की संख्या कम जरूर हुई, लेकिन दिक्कते लंबे समय तक बनी रहीं।

Teams और Copilot पर भी पड़ा असर

सिर्फ ईमेल सर्विस यानी आउटेज ही नहीं, बल्कि ऑफिस में इस्तेमाल होने वाला वर्कप्लेस मैसेजिंग ऐप Microsoft Teams, कंपनी का एआई असिस्टेंट Copilot और Microsoft 365 की दूसरी कई जरूरी सर्विसेज भी ठप हो गई। अचानक आई इस रुकावट से उन कंपनियों और कर्मचारियों का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ जो रोज के कामों के लिए इन डिजिटल टूल्स का इस्तेमाल करते हैं।

क्यों ठप हुए माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर?

मामला बढ़ने के बाद माइक्रोसॉफ्ट की टेक्निकल टीम ने जांच शुरू की। वॉशिंगटन के रेडमंड स्थित कंपनी के हेडक्वार्टर से सोशल मीडिया पर लगातार अपडेट दिए गए। कंपनी ने शुरुआती जांच में बताया कि उसे इस बात की जानकारी मिल गई थी कि अमेरिका और कुछ अन्य जगहों पर यूजर्स को मेलबॉक्स से कनेक्ट होने में दिक्कत आ रही थी।
बाद में माइक्रोसॉफ्ट ने इसके पीछे की वजह साफ करते हुए बताया कि उनके इंफ्रास्ट्रक्चर के एक हिस्से पर जरूरत से ज्यादा लोड पड़ गया था। जिसकी वजह से जब ऑटोमेटेड जांच चल रही थी, तो उसी दौरान कई सारे सर्वर अचानक फेल हो गए और अनउपलब्ध हो गए। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि सर्वर फेल होने की असली वजह क्या थी, लेकिन इसे ठीक करने के लिए तुरंत टेस्टिंग और रिपेयरिंग का काम शुरू कर दिया गया।

'प्रभाव को कम करने की पूरी कोशिश'

Microsoft 365 Status के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (X) पर लिखा गया, 'हम इस समस्या के असर को कम करने के लिए तेजी से हर मुमकिन रास्ते पर काम कर रहे हैं।' कंपनी ने दिन में यह भी दावा किया था कि उसने उत्तरी अमेरिका में Microsoft Teams से जुड़ी दिक्कतों को दूर कर लिया है, हालांकि इसके बावजूद कई यूजर्स ने शिकायत की कि उन्हें कनेक्टिविटी में अभी भी रुकावटें आ रही हैं।

Updated on:
13 Nov 2026, 8:09 AM IST
Published on: