
रोड एक्सीडेंट्स (Road Accidents) दुनियाभर के लिए एक गंभीर समस्या है। हर साल इस तरह के कई हादसे दुनियाभर में देखने को मिलते हैं, जिनकी वजह से बड़ी संख्या में लोग हताहत होते हैं। रोड सेफ्टी बेहद ही अहम है, लेकिन कई प्रयासों के बाद भी रोड एक्सीडेंट्स के मामलों में कमी नहीं, बल्कि इजाफा ही हो रहा है। आए दिन ही इस तरह के मामले देखने को मिलते हैं और अब ब्राज़ील (Brazil) में रोड एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। बुधवार को ब्राज़ील के दक्षिणी राज्य पराना (Parana) में BR-373 हाईवे पर इपिरंगा (Ipiranga) शहर के पास एक मिनीबस और सेमी-ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी, कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। मिनिबस तो इस एक्सीडेंट में चकनाचूर हो गई।
ब्राज़ील के पराना राज्य में BR-373 हाईवे पर मिनीबस और सेमी-ट्रक के बीच हुई इस भीषण टक्कर में 23 लोगों की मौत हो गई। ज़्यादातर लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, तो कुछ लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में या अस्पताल में इलाज के दौरान आखिरी सांस ली। जानकारी के अनुसार मृतकों में 13 महिलाएं, 8 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। मिनीबस इम्बितुवा (Imbituva) शहर के स्वास्थ्य विभाग की थी, जिसमें करीब 27 यात्री सवार थे, जिनमें ज़्यादातर मरीज, उनके परिजन और कुछ स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल थे। मिनीबस मरीजों कुरितिबा (Curitiba) और आसपास के अस्पतालों में इलाज, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए जा रहे थी। इस हादसे में सेमी-ट्रक के ड्राइवर की भी मौके पर ही मौत हो गई।
इस रोड एक्सीडेंट में मिनीबस में सवार 5 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार घायलों में तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है।
इस हादसे के बाद संघीय हाईवे पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सेमी-ट्रक विपरीत लेन में घुस गया और सही लेन में चल रही मिनीबस से टकरा गया। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्राइवर सही स्थिति में सेमी-ट्रक चला रहा था या नहीं।