MMA Banned In Afghanistan: अफगानिस्तान में एमएमए यानी कि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स पर बैन लगा दिया गया है।
अफगानिस्तान (Afghanistan) की जनता 15 अगस्त, 2021 का दिन कभी नहीं भूलेगी। इसी दिन आतंकी संगठन तालिबान (Taliban) ने देश में सरकार का तख्तापलट करते हुए सत्ता पर कब्ज़ा जमा लिया था। अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता पर काबिज़ होते ही सबकुछ बदल गया। तालिबान के शासन में अफगानिस्तान में अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था के साथ ही सब कुछ मानो चरमरा सा गया। इतना ही नहीं, तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद लोगों को उनके मानवाधिकारों से भी वंचित रखा जाने लगा। तालिबान ने अफगानिस्तान में कई तरह के बैन लगा दिए हैं। हाल ही में तालिबान ने देश में एक नया बैन लगाया है।
MMA पर लगा बैन
तालिबान ने अफगानिस्तान में एमएमए यानी कि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA - Mixed Martial Arts) पर बैन लगा दिया है। पिछले कुछ साल में अफगानिस्तान में MMA काफी लोकप्रिय हो गया है, लेकिन अब अफगानिस्तान की जनता इसे नहीं देख पाएगी, क्योंकि तालिबान ने इस पर बैन लगा दिया है। तालिबान सरकार के खेल मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में एमएमए को एक खतरनाक और जान के लिए जोखिमपूर्ण खेल बताया और कहा कि इस खेल का इस्लाम और शरिया कानून के साथ कोई भी मेल नहीं है। तालिबान के खेल मंत्रालय के बयान में यह भी कहा गया कि चेहरे पर मारना इस्लाम के मना है।