विदेश

ट्रंप की धमकी पर मोजतबा खामेनेई का पलटवार – ‘ईरान के खिलाफ अमेरिका-इज़रायल की साजिशें नहीं होंगी कामयाब’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को 'एक रात में तबाह करने' की धमकी पर ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की प्रतिक्रिया सामने आ गई है। क्या कहा मोजतबा ने? आइए जानते हैं।
2 min read
Apr 07, 2026
Mojtaba Khamenei
Mojtaba Khamenei (File Photo)

ईरान-अमेरिका इज़रायल युद्ध (Iran-US Israel) काफी गंभीर हो चुका है। आज इस युद्ध का 39वां दिन है। अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान को मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) तक की डेडलाइन दी है और धमकी दी है कि अगर डेडलाइन खत्म होने से पहले ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को खोलने और युद्ध खत्म करने के लिए सीज़फायर समझौता मानने पर ग्रीन सिग्नल नहीं दिया, तो ईरान के पावर प्लांट्स और पुलों को तबाह कर दिया जाएगा। ईरान ने इस सीज़फायर प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। ट्रंप ने यह भी कहा है कि अमेरिका चाहे, तो एक रात में ईरान को तबाह कर सकता है। ट्रंप की इस धमकी पर ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) की प्रतिक्रिया सामने आ गई है।

अमेरिका-इज़रायल की साजिशें नहीं होंगी कामयाब

ट्रंप की धमकी पर मोजतबा ने पलटवार किया है। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा का एक मैसेज टेलीग्राम पर सामने आया है। इस मैसेज में मोजतबा ने साफ कर दिया कि ईरान पर हमले और सेना को कमजोर करने की अमेरिका और इज़रायल की साजिशें कामयाब नहीं होंगी। मोजतबा ने यह भी साफ कर दिया कि ईरान में अमेरिका और इज़रायल की तरफ से की जा रही हत्याएं और अपराध से ईरान के सैन्य अभियान पर असर नहीं पड़ेगा।

कैसी है मोजतबा की सेहत?

हाल ही में सामने आई खुफिया रिपोर्ट के अनुसार मोजतबा की सेहत गंभीर है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। खुफिया रिपोर्ट के अनुसार ईरान के कोम शहर में मोजतबा का इलाज चल रहा है और वह इस समय देश चलाने में समर्थ नहीं हैं। हालांकि इस रिपोर्ट पर ईरान की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और पहले कई मौकों पर ईरान की तरफ से साफ किया जा चुका है कि मोजतबा स्वस्थ हैं और सिर्फ सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित स्थान पर छिपे हुए हैं।