एशिया के एक देश में 3 हज़ार से ज़्यादा साइबर ठग गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें भारतीय भी शामिल हैं। क्या है पूरा मामला? आइए जानते हैं।
दुनियाभर में साइबर क्राइम बढ़ता ही जा रहा है। साइबर क्राइम के मामले आए दिन ही सामने आते हैं और हर साल कई लोग इसका शिकार बनते हैं। ऐसे में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस और साइबर क्राइम ब्रांच भी सख्त रहती है और समय-समय पर उनके खिलाफ कार्रवाई करती है। ऐसा ही अब कंबोडिया में देखने को मिला है। कंबोडिया में पिछले कुछ दिनों में साइबर ठगों के खिलाफ बड़े लेवल पर कार्रवाई की गई है।
कंबोडिया में पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीते 15 दिनों के भीतर 138 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में 3,075 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है।
कंबोडिया में गिरफ्तार हुए साइबर ठगों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार पिछले 15 दिनों में कंबोडिया में गिरफ्तार हुए साइबर ठगों में 105 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार इस मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय लगातार कंबोडिया सरकार के संपर्क में है और वहाँ गिरफ्तार भारतीयों को देश वापस लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई भारत और कंबोडिया के बीच पिछले महीने हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद शुरू हुई। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कंबोडिया साइबर धोखाधड़ी का नया गढ़ बन गया है, जहां से भारत समेत कई देशों के लोग साइबर क्राइम को अंजाम दे रहे हैं। गृह मंत्रालय ने साफ कहा है कि जो भारतीय साइबर क्राइम में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।