
MT GEM NO. 2 Attack: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में शारजाह एंकरेज के पास पनामा के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर 'MT GEM NO. 2' पर संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ। इस कमर्शियल जहाज पर क्रू सदस्य के तौर पर 22 भारतीय नागरिक सवार थे। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जहाज पर सवार सभी 22 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के लगातार संपर्क में है।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राहत भरी खबर साझा करते हुए कहा कि शारजाह एंकरेज पर 22 भारतीय नाविकों को ले जा रहे पनामा ध्वज वाले कच्चे तेल के टैंकर 'MT GEM NO. 2' पर ड्रोन हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि यह साझा करते हुए उन्हें बेहद राहत महसूस हो रही है कि जहाज पर मौजूद सभी 22 भारतीय नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं। केंद्र सरकार पूरे घटनाक्रम और स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है तथा नाविकों की सुरक्षा व कुशलता सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ लगातार तालमेल बनाए हुए है।
इससे पहले, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने इस समुद्री घटना के संबंध में एक औपचारिक चेतावनी बुलेटिन जारी किया था। UKMTO के अनुसार, यह घटना UAE के अल जजीरा से लगभग 13 नॉटिकल मील पश्चिम में हुई थी। समुद्री सुरक्षा एजेंसी को स्वतंत्र स्रोतों से जानकारी मिली कि जहाज पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल या ड्रोन से हमला हुआ, जिससे जहाज पर आग लग गई। हालांकि, क्रू की कार्रवाई के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया और उसे बुझा दिया गया।
अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय अधिकारियों ने नुकसान का सही आकलन करने और हमले के स्रोत की पहचान करने के लिए घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। खाड़ी क्षेत्र में समुद्री तनाव के बीच UKMTO ने इस इलाके से गुजरने वाले सभी कमर्शियल जहाजों को निर्देश जारी किए हैं कि वे बहुत सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हलचल की तुरंत सूचना दें।