विदेश

अमेरिका के न्यू मैक्सिको में रहस्यमयी पदार्थ को लेकर मचा हड़कंप, 3 की मौत, कई लोग क्वारंटाइन

New Mexico toxic exposure: न्यू मैक्सिको के ग्रामीण इलाके में एक रहस्यमयी अज्ञात पदार्थ के संपर्क से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों आपातकालीन कर्मियों को क्वारंटाइन कर जांच की गई। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पदार्थ की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
2 min read
May 21, 2026
US New Mexico incident after exposure to unknown substance, responders quarantined.
न्यू मैक्सिको में रहस्यमयी पदार्थ के संपर्क से कई फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स क्वारंटाइन। (Photo-Representativ)

New Mexico mysterious substance: न्यू मैक्सिको के ग्रामीण इलाके में एक अज्ञात पदार्थ के संपर्क में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि संपर्क में आए 12 से अधिक लोगों को क्वारंटाइन कर जांच की गई है। इस संबंध में न्यू मैक्सिको स्टेट पुलिस के मुताबिक, अल्बुकर्क के पूर्व में स्थित एक घर के अंदर चार लोग बेहोश पाए गए। तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चौथे व्यक्ति को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपातकालीन बचाव कार्य के दौरान कई दमकलकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों को उस पदार्थ के संपर्क में आने के बाद कथित तौर पर जी मिचलाना, खांसी, उल्टी और चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस होने लगे। न्यू मैक्सिको यूनिवर्सिटी अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की कि उस केंद्र में लाए जाने के बाद, उस पदार्थ के संपर्क में आए 23 लोगों की जांच की गई और उन्हें संक्रमण-मुक्त घोषित किया गया। इनमें अधिकतर प्रशिक्षित आपातकालीन कर्मी शामिल थे, जिनमें कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखे और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। बुधवार शाम तक तीन लक्षण वाले मरीजों पर निगरानी रखी जा रही थी, जबकि दो फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स की हालत गंभीर बताई जा रही थी।

पदार्थ की पहचान अभी बाकी है

अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता अभी भी उस पदार्थ की प्रकृति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में न्यू मैक्सिको स्टेट पुलिस अधिकारी विल्सन सिल्वर ने कहा कि फिलहाल, जांचकर्ताओं का मानना है कि यह पदार्थ संपर्क के जरिए फैल सकता है, और उन्हें नहीं लगता कि यह हवा के जरिए फैलता है।

माउंटेनएयर के मेयर पीटर नीटो ने बताया कि अधिकारियों ने कार्बन मोनोऑक्साइड और प्राकृतिक गैस के संपर्क में आने की आशंका को खारिज कर दिया है, लेकिन अभी तक उस पदार्थ की पहचान नहीं हो पाई है।
नीटो ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि यह कोई नशीला पदार्थ है या कुछ और। उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह किसी मिश्रण का परिणाम है या नहीं। मेयर ने यह भी बताया कि अस्पताल से छुट्टी पाने वाले आपतकर्मी संक्रमण के खतरे को देखते हुए, बचाव कार्य के दौरान पहनी हुई अपनी कोई भी चीज़, जैसे गहने और चश्मे, अपने साथ घर नहीं ले जा पाए।

खौफनाक था मंजर

माउंटेनएयर के वॉलंटियर फायर डिपार्टमेंट की दमकलकर्मी एंटोनेट अल्गुइरे ने बताया कि उन्होंने घर के बाहर एक महिला को CPR देने में मदद, हालांकि बाद में देखा कि आपातकालीन बचाव दल के सदस्य बीमार पड़ने लगे।

उन्होंने यह भी कहा, 'मुझे लगता है कि अब हमें ऐसी आपातकालीन स्थितियों में जाते समय हैजमैट सूट पहनने होंगे और ऑक्सीजन सिलेंडर साथ रखना होगा। हालात अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गए हैं, जहां हमें लोगों की जान बचाते हुए भी डर के साए में जीना पड़ रहा है।'

अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों को कोई खतरा नहीं है, हालांकि शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि इन मौतों में ड्रग्स की भूमिका हो सकती है। यह घटना अल्बुकर्क के पूर्व में एक ग्रामीण इलाके में हुई, जहां पुलिस ने घर के चारों ओर टेप लगा दिया है और कई कानून प्रवर्तन एजेंसियां अपनी जांच जारी रखे हुए हैं।

Updated on:
21 May 2026 01:23 pm
Published on:
21 May 2026 01:22 pm