विदेश

नेपाल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, बाढ़-भूस्खलन का खतरा; PM बालेन शाह ने लोगों को किया अलर्ट

Nepal Heavy Rain Alert: नेपाल में मौसम विभाग ने शुक्रवार से रविवार यानी के बीच देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री बालेन शाह ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।
2 min read
Sep 23, 2026
Nepal PM Balen Shah
Nepal PM Balen Shah (Photo-IANS)

Nepal Heavy Rain Alert : काठमांडू। नेपाल में एक बार फिर भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से रविवार यानी 25 से 27 सितंबर के बीच देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री बालेन शाह ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। नेपाल के मौसम विभाग ने भी इस दौरान बाढ़, भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थिति को लेकर विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।

प्रधानमंत्री बालेन शाह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि शुक्रवार से रविवार तक देश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। खासतौर पर गांडकी और लुंबिनी प्रांत के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना है।

इन इलाकों में ज्यादा खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक कोशी, बागमती, मधेश, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके चलते बाढ़, भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ गया है।

गांडकी प्रदेश में पोखरा के आसपास, लुंबिनी के पहाड़ी और तराई क्षेत्र, कोशी के हिमालयी इलाकों खासकर ताप्लेजुंग, बागमती के पहाड़ी हिस्सों, कर्णाली में जुमला के आसपास और सुदूरपश्चिम के पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी में विकसित मौसम प्रणाली के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

हाईवे और रात में यात्रा से बचने की अपील

प्रधानमंत्री शाह ने लोगों से बारिश के दौरान और रात के समय हाईवे पर यात्रा करने से बचने की अपील की है। बाढ़ और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों के साथ-साथ नदियों और नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा या ट्रेकिंग की योजना बना रहे लोगों से मौसम साफ होने तक यात्रा टालने या योजना पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

प्रशासन को तैयारी के निर्देश

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। संबंधित एजेंसियों से भी संभावित आपदा के खतरे को कम करने के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। नेपाल में हाल ही में बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। ऐसे में आगामी बारिश को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क है। मौसम विभाग ने भी भारी बारिश के कारण सड़क और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है।

टूरिज्म बोर्ड ने यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की

नेपाल टूरिज्म बोर्ड (एनटीबी) ने पर्यटकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एनटीबी ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि नदी घाटियों के पास पहाड़ी और ज्यादा ऊंचे इलाकों में जाने वाले पर्यटकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है, क्योंकि वहां मौसम तेजी से बदल सकता है और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। बोर्ड ने यात्रियों को सलाह दी कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी और आधिकारिक सलाह देख लें और सड़क, फ़्लाइट और ट्रेकिंग-रूट की स्थितियों के बारे में अपडेट रहें। पर्यटन बोर्ड ने यात्रियों से यह भी कहा कि वे असुरक्षित मौसम में ट्रेकिंग, पर्वतारोहण और दूसरी आउटडोर गतिविधियों से बचें।

Updated on:
23 Sept 2026 04:55 pm
Published on:
23 Sept 2026 04:47 pm