
Nepal Helicopter Accident : काठमांडू। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना राजधानी काठमांडू से करीब 250 किलोमीटर दूर फेरीचे के हेलीपैड पर हुई। दोनों हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के थे। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामाडु के रूप में हुई है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। जिला पुलिस कार्यालय के इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने बताया कि इसी हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी दुर्घटना में घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, घायल शैलेश कृष्ण पटेल को प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी हादसे में मामूली रूप से घायल हुए हैं। उन्हें भी आगे के इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया।
जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित फेरीचे में लैंडिंग कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। सोलुखुम्बु जिला पुलिस के प्रभारी नवीन राजा बुधाथोकी ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया।
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने भी दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अधिकारी घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं। फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है।