विदेश

पत्नी की हत्या कर शव के किए टुकड़े, कचरे के बैग में भरकर अलग-अलग जगह फेंका, अब कोर्ट ने ठहराया दोषी

अमेरिका में नेपाली मूल के नरेश भट्ट को पत्नी ममता काफ्ले की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया है। भट्ट ने पत्नी के शव के टुकड़े कर उन्हें कचरे के बैग में भरकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 11:34 AM IST
Naresh Bhatt
Naresh Bhatt (Phot-X/@cathyrusson)

अमेरिका में एक नेपाली-अमेरिकी व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या करने, उसके शव के टुकड़े करने और उन्हें कचरे के ढेर में फेंकने का दोषी ठहराया गया है। अमेरिकी जूरी ने मंगलवार को नरेश भट्ट को अपनी पत्नी ममता भट्ट की हत्या के मामले में दोषी पाया। 28 साल की ममता पेशे से रजिस्टर्ड नर्स थीं। वह जुलाई 2024 में वर्जीनिया के मनासास पार्क स्थित अपने घर से लापता हो गई थीं। उनका शव अब तक बरामद नहीं हुआ है।

नरेश भट्ट को फर्स्ट डिग्री मर्डर, शव को क्षत-विक्षत करने और शव को छिपाने के आरोपों में दोषी ठहराया गया है। सुनवाई के दौरान पिछले सप्ताह भट्ट ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए स्वीकार किया था कि उसने पत्नी के शव के टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था। हालांकि, उसने हत्या करने से इनकार किया। उसका दावा था कि उसने पत्नी को मृत पाया था।

शव के टुकड़े कर अलग-अलग कूड़ेदानों में फेंके

अदालत में गवाही के दौरान भट्ट ने बताया कि उसने 30 जुलाई 2024 को अपने बेडरूम में ममता का शव देखा था। इसके बाद अगले डेढ़ दिन तक उसने शव के टुकड़े किए और उन्हें कचरे के बैग में भर दिया। फिर इन बैगों को अलग-अलग कूड़ेदानों में फेंक दिया।

हालांकि, अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि भट्ट ने ही अपनी पत्नी की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को ठिकाने लगाया।

सीनियर असिस्टेंट कॉमनवेल्थ अटॉर्नी सारा सामी ने जूरी के सामने कहा कि आरोपी ने ममता की हत्या की, उसके शव के टुकड़े किए और उसे कचरे की तरह ठिकाने लगा दिया। सामी ने यह भी कहा कि भट्ट ने ममता को वर्जीनिया के लूरे इलाके में स्थित लैंडफिल में अंतिम ठिकाना दिया।

अगले साल 12 मार्च को सजा का ऐलान

वर्जीनिया की कॉमनवेल्थ अटॉर्नी एमी एशवर्थ ने बयान जारी कर कहा कि यह फैसला ममता के लिए न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनकी जिंदगी दुखद तरीके से छीन ली गई और उनके परिवार को दो साल से अधिक समय तक असहनीय पीड़ा और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।

फर्स्ट डिग्री मर्डर के मामले में नरेश भट्ट को कम से कम 20 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। वहीं, शव को छिपाने और क्षत-विक्षत करने के मामलों में पांच-पांच साल तक की अतिरिक्त सजा का प्रावधान है। भट्ट को अगले साल 12 मार्च को सजा सुनाई जाएगी।

अमेरिकी सेना में भी काम कर चुका है भट्ट

नरेश भट्ट जून 2017 से फरवरी 2024 तक अमेरिकी सेना के रिजर्व में ऑटोमेटेड लॉजिस्टिक्स स्पेशलिस्ट (92A) के रूप में कार्यरत था। फॉक्स 5 के मुताबिक, सेना के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि उसकी किसी भी सैन्य तैनाती में नियुक्ति नहीं हुई थी। उसने स्पेशलिस्ट रैंक के साथ सेना छोड़ी थी।

इसके अलावा, भट्ट फेयरफैक्स काउंटी पुलिस विभाग में भी कुछ समय के लिए पुलिस भर्ती के रूप में कार्यरत था। विभाग के अनुसार, उसने 22 जून 2020 को नौकरी शुरू की थी, लेकिन पद की आवश्यकताओं को पूरा नहीं कर पाया। इसके बाद 16 नवंबर 2020 को उसे नौकरी से हटा दिया गया। इस दौरान उसने फेयरफैक्स काउंटी क्रिमिनल जस्टिस अकादमी में 22 दिन बिताए थे।

वहीं, ममता वर्जीनिया के मैनासस स्थित एक मेडिकल सेंटर में रजिस्टर्ड नर्स के रूप में काम करती थीं। मुकदमे के दौरान भट्ट ने नेपाल में अपने बचपन, जीवन को प्रभावित करने वाले अनुभवों और बेहतर अवसरों की तलाश में अमेरिका जाने के फैसले के बारे में भी बताया।

Updated on:
11 Nov 2026, 11:34 AM IST
Published on: