
यरुशलम। इजराइल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने में केवल राष्ट्रीय एकता सरकार ही सक्षम है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब यशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजेनकोट विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन बनाने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
नेतन्याहू ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रीय एकता सरकार ही देश के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना कर सकती है। ऐसी सरकार में उन सभी दलों को शामिल किया जाना चाहिए, जो इजराइल को यहूदी लोगों का राष्ट्र मानते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में जो भी सरकार बनेगी, उसमें अति-रूढ़िवादी यहूदी समुदाय (हारेदी) के सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेंगे। तोराह (यहूदी धार्मिक ग्रंथ) का अध्ययन करने वालों की स्थिति को आपसी सहमति से कानून में शामिल किया जाएगा।
नेतन्याहू का यह बयान उनकी लिकुड पार्टी और आइजेनकोट की यशर पार्टी के प्रतिनिधियों के बीच गठबंधन को लेकर हुई बातचीत के एक दिन बाद आया है। हालांकि, इस बैठक में कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई।
'द टाइम्स ऑफ इजराइल' के मुताबिक, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पिछले सप्ताह आइजेनकोट को सरकार बनाने का जनादेश दिया था। इसके बाद से वे विभिन्न राजनीतिक दलों और हारेदी संगठनों के साथ बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, सैन्य भर्ती और अति-रूढ़िवादी समुदाय के पुरुषों को अनिवार्य सैन्य सेवा से छूट देने जैसे मुद्दे गठबंधन की राह में बड़ी बाधा बने हुए हैं।
इससे पहले नेतन्याहू ने आइजेनकोट से आग्रह किया था कि वे बिना किीस पूर्व शर्त के बातचीत शुरू करें और एक व्यापक 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनाएं। उनका कहना था कि ईरान से पैदा हो रहे खतरे सहित देश की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक राजनीतिक गठबंधन जरूरी है।
हालांकि, आइजेनकोट ने नेतन्याहू की इस प्रस्ताव को 'एक और राजनीतिक दिखावा' करार दिया था। उनका कहना था कि उनके नेतृत्व में बनने वाली किसी भी राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार को उनके प्रस्तावित सिद्धांतों को स्वीकार करना होगा और अतिवादी राजनीतिक ताकतों से दूरी बनानी होगी।
इजराइल के वित्त मंत्री और धार्मिक जायनिज्म पार्टी के प्रमुख बेजलेल स्मोट्रिच ने नेतन्याहू की एकता सरकार बनाने की अपील का समर्थन किया है। उन्होंने आइजेनकोट से प्रस्ताव स्वीकार करने की अपील करते हुए इसे राष्ट्रीय जिम्मेदारी निभाने का अवसर बताया।
सरकार गठन को लेकर दोनों नेताओं के बीच मतभेद अब सार्वजनिक बयानबाजी में भी बदल गए हैं। नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने आइजेनकोट पर प्रधानमंत्री और उनके कार्यालय के खिलाफ भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया है।
पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर आइजेनकोट के बयानों को 'उकसावे वाली बयानबाजी' बताया। लिकुड ने कहा कि प्रधानमंत्री जहां राष्ट्रीय एकता के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं, वहीं आइजेनकोट और उनके सहयोगी लगातार तीखी और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
लिकुड ने प्रधानमंत्री के चीफ ऑफ स्टाफ का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने संदिग्ध गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पुलिस को दी थी और ऐसा करना उनका दायित्व था।