विदेश

हत्या की साजिश में 1 लाख डॉलर की सुपारी, अंडरकवर एजेंट ने खोली पोल; अमेरिका में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की सजा

अमेरिका की न्यूयॉर्क अदालत ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में शामिल होने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई है। गुप्ता ने फरवरी 2026 में हत्या के लिए सुपारी देने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े आरोपों में अपना जुर्म कबूल किया था।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 7:57 AM IST
Pannun Assassination Plot
ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन की हिरासत में निखिल गुप्ता (फोटो-X@DEANEWYORKDiv)

Pannun Assassination Plot: अमेरिका के न्यूयॉर्क की एक अदालत ने 55 वर्षीय भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने (लगभग 19 साल 7 महीने) की जेल की सजा सुनाई है। यह सजा उन्हें अमेरिकी धरती पर खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश में शामिल होने के लिए दी गई है। न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने यह फैसला सुनाया, जिसकी जानकारी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने दी। जेल की सजा पूरी होने के बाद निखिल गुप्ता को अमेरिका से डिपोर्ट किया जा सकता है।

क्या है पूरा मामला?

अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय और अदालती दस्तावेजों के अनुसार, 2023 में भारत में रहते हुए निखिल गुप्ता ने अपने सह-आरोपी विकास यादव और अन्य लोगों के साथ मिलकर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रची। पन्नू एक अमेरिकी नागरिक हैं और सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) नामक संगठन के प्रमुख हैं। भारत सरकार ने पन्नू और उनके संगठन दोनों पर प्रतिबंध लगा रखा है। यह संगठन पंजाब को भारत से अलग करके खालिस्तान बनाने की वकालत करता है।

अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, निखिल गुप्ता को 100,000 डॉलर के बदले पन्नू की हत्या का इंतजाम करने का काम सौंपा गया था। गुप्ता ने पन्नू के बारे में निजी जानकारियां साझा कीं और हत्या करने वाले व्यक्ति के लिए एडवांस पेमेंट का भी इंतजाम किया। हालांकि, जिसे वह हिटमैन समझ रहा था, वह असल में अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का एक अंडरकवर एजेंट निकला।

अभियोजन पक्ष ने मांगी थी 24 साल की सजा

सजा पर बहस के दौरान अमेरिकी अभियोजकों और विदेश विभाग ने विदेशी धरती पर हत्या की साजिश को एक बेहद दुस्साहसी कृत्य बताया। उन्होंने एक कड़ा संदेश देने के लिए अधिकतम 24 साल की जेल की सजा की मांग की थी। इसके विपरीत, निखिल गुप्ता की कानूनी टीम ने 20 नवंबर की सुनवाई से पहले जज को एक पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने पछतावा जताया और सजा को घटाकर 12 साल करने का अनुरोध किया।

बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि गुप्ता इस साजिश के मास्टरमाइंड नहीं थे, बल्कि धोखे का शिकार हुए थे। कथित तौर पर उन्हें यह वादा किया गया था कि अगर वे हत्या की साजिश में शामिल होते हैं, तो उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामले वापस ले लिए जाएंगे। उनके वकीलों ने यह भी कहा कि अपना अपराध स्वीकार करके गुप्ता ने अदालत का समय बचाया है और उन्होंने आग्रह किया कि सजा प्रोबेशन विभाग की सिफारिशों के अनुरूप होनी चाहिए।

प्राग में गिरफ्तारी से लेकर सजा तक, कब क्या हुआ?

  • 30 जून, 2023: अमेरिकी एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर निखिल गुप्ता को चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में गिरफ्तार किया गया।
  • जून 2024: निखिल गुप्ता को चेक गणराज्य से अमेरिका (न्यूयॉर्क) प्रत्यर्पित किया गया।
  • अक्टूबर 2024: अमेरिकी न्याय विभाग ने निखिल गुप्ता और विकास यादव पर मर्डर फॉर हायर और साजिश के आरोप तय किए, जिसमें अधिकतम 40 साल तक की सजा का प्रावधान था।
  • 13 फरवरी, 2026: निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क की एक अदालत में मर्डर फॉर हायर, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के आरोपों को स्वीकार कर लिया।
  • 20 नवंबर, 2026: डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो ने निखिल गुप्ता को 235 महीने (लगभग साढ़े 19 साल) की जेल की सजा सुनाई।
Updated on:
21 Nov 2026, 7:57 AM IST
Published on: