विदेश

Zoom और Teams के फर्जी कॉल से उत्तर कोरियाई हैकर्स ने चुराए 400 मिलियन डॉलर से ज्यादा, FBI ने जारी की चेतावनी

FBI ने उत्तर कोरिया से जुड़े हैकरों द्वारा किए गए नए साइबर-धोखाधड़ी अभियान का पर्दाफाश किया है। फेसस्टीलर नाम का यह तरीका, फर्जी कॉल के जरिए लोगों के कंप्यूटर और सोशल मीडिया अकाउंट्स को निशाना बनाता है। FBI के अनुसार, इस गतिविधि के कारण पिछले 18 महीनों में 400 मिलियन डॉलर से ज्यादा की क्रिप्टोकरेंसी चुराई गई है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 8:20 AM IST
cyber crime
demo pic

North Korea Hackers: उत्तर कोरियाई हैकरों ने पिछले 18 महीनों में 400 मिलियन डॉलर (लगभग 3,500 करोड़ रुपये) से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी चुराई है। अमेरिकी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के अनुसार, ये साइबर अपराधी लोगों को निशाना बनाने के लिए ऐसे वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिन्हें संबंधित व्यक्ति की जानकारी के बिना रिकॉर्ड किया गया था। इन वीडियो और तस्वीरों का उपयोग करके वे पीड़ितों के परिचितों को निशाना बनाते हैं।

FBI ने साइबर धोखाधड़ी के इस तरीके को फेसस्टीलर नाम दिया है। इसमें हैकर्स Zoom, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स या गूगल मीट जैसे प्लेटफॉर्म के नकली वर्जन के जरिए वीडियो कॉल में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसके बाद वे किसी तकनीकी खराबी का नाटक करते हैं, ताकि उन्हें पीड़ितों के डिवाइस और सोशल मीडिया अकाउंट्स का अनधिकृत एक्सेस मिल सके।

जान-पहचान के लोगों के नाम से भेजते हैं वीडियो कॉल का न्योता

FBI के मुताबिक, हैकर सबसे पहले उन लोगों के सोशल मीडिया या कम्युनिकेशन अकाउंट्स को हैक करते हैं, जिनसे पीड़ित व्यक्ति पहले बातचीत कर चुका होता है। इसके बाद वे इन भरोसेमंद संपर्कों की ओर से वीडियो कॉल का आमंत्रण भेजते हैं।

इन अकाउंट्स के जरिए पीड़ितों को नकली वीडियो मीटिंग प्लेटफॉर्म पर बुलाया जाता है। चूंकि हैकरों ने पहले ही पीड़ितों के परिचितों की तस्वीरें और वीडियो चुपके से रिकॉर्ड कर लिए होते हैं, इसलिए ये आमंत्रण बिल्कुल असली और भरोसेमंद लगते हैं।

तकनीकी गड़बड़ी का बहाना बनाकर डिवाइस में डालते हैं मैलवेयर

वीडियो कॉल शुरू होने के बाद पीड़ित को किसी तकनीकी समस्या के बारे में बताया जाता है। उनसे कहा जाता है कि कॉल जारी रखने के लिए इस तकनीकी खराबी को ठीक करना जरूरी है और फिर उन्हें एक लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है।

इस लिंक पर क्लिक करते ही डिवाइस में मैलवेयर इंस्टॉल हो जाता है, जिससे हैकरों को पीड़ित के कंप्यूटर और सोशल मीडिया अकाउंट्स का एक्सेस मिल जाता है। इसके बाद हैकर इसी तरीके का इस्तेमाल करके पीड़ित के अपने संपर्कों को निशाना बनाते हैं, जिससे यह साइबर हमला एक अकाउंट से दूसरे अकाउंट तक फैलता चला जाता है।

FBI ने 900 से ज्यादा वीडियो जब्त किए

बुधवार को FBI द्वारा जारी एक एडवाइजरी के अनुसार, एजेंसी ने 900 से ज्यादा ऐसे वीडियो की पहचान की है और उन्हें जब्त किया है, जिन्हें पीड़ितों के अपने वेबकैम का इस्तेमाल करके रिकॉर्ड किया गया था।

जांच एजेंसी ने यह भी चेतावनी दी है कि हैकर अब क्रिप्टोकरेंसी और ब्लॉकचेन इंडस्ट्री की जानी-मानी और प्रभावशाली हस्तियों के डीपफेक वीडियो बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन बनावटी वीडियो का इस्तेमाल करके हमलावर लोगों का भरोसा जीत सकते हैं और फिर उन्हें साइबर हमलों का निशाना बना सकते हैं।

सैफायर स्लीट समूह पर FBI का शक

FBI के अनुसार, इस गतिविधि के पीछे उत्तर कोरिया से जुड़ा सैफायर स्लीट या UNC1069 नाम का हैकर ग्रुप है। एजेंसी का कहना है कि यह ग्रुप उस उत्तर कोरियाई हैकर समूह से अलग है, जिसका हाल ही में क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बायनेन्स पर हुए 6.3 अरब डॉलर के साइबर हमले से संबंध सामने आया था।

FBI की चेतावनी बताती है कि साइबर अपराधी अब केवल मैलिशियस लिंक और फिशिंग ईमेल जैसे पुराने तरीकों से आगे बढ़ चुके हैं। अब वे लोगों के भरोसेमंद संपर्कों की पहचान करते हैं, उन्हें वीडियो कॉल करते हैं और AI से बने डीपफेक का इस्तेमाल करके उन्हें अपना शिकार बनाते हैं।

Updated on:
13 Nov 2026, 8:20 AM IST
Published on: