
नॉर्वे ने यूक्रेन के लिए फिर से भारी भरकम मदद का ऐलान कर दिया है। नॉर्वे की ओर से यूक्रेन को साल 2027 में करीब 9.2 अरब डॉलर यानी 85 अरब नॉर्वेजियन क्रोन की मदद दी जाएगी।
यह फैसला नॉर्वे की सरकार ने रविवार को लिया। यह राशि ठीक उतनी ही है जितनी 2026 के लिए पहले से तय है। नॉर्वे लगातार दो साल तक इतनी बड़ी मदद देने वाला है।
एक डॉलर की कीमत करीब 9.2875 नॉर्वेजियन क्रोन के हिसाब से यह आंकड़ा निकलता है। यूरोप में चल रहे युद्ध के बीच नॉर्वे की यह घोषणा कई देशों के लिए उदाहरण बन सकती है। वहीं, इस फैसले से रूस और वहां के राष्ट्रपति व्लादिमीर को झटका लगा सकता है।
सरकार के बयान में साफ कहा गया है कि यह वित्तीय सहयोग यूक्रेन की अर्थव्यवस्था को संभालने और जरूरी खर्चों को पूरा करने के लिए है। नॉर्वे पहले भी यूक्रेन को मदद भेज चुका है, लेकिन 2026 और 2027 के लिए इतनी बड़ी और समान राशि का वादा करना ध्यान खींचने वाला है।
यूक्रेन इस वक्त युद्ध की वजह से भारी आर्थिक दबाव में है। सड़कें, बिजली, स्कूल और अस्पताल सब कुछ प्रभावित हैं। ऐसे में नॉर्वे ने आगे आकर यूक्रेन का साथ दिया है।
नॉर्वे की सरकार ने यह फैसला अपने बजट योजना के तहत लिया है। देश की अर्थव्यवस्था तेल और गैस पर काफी निर्भर है। वहां से आने वाली कमाई का एक हिस्सा अब यूक्रेन की मदद में जा रहा है।
कई बड़े देश यूक्रेन को हथियार और आर्थिक सहायता दे रहे हैं। नॉर्वे का यह कदम यूरोपीय सहयोग को और मजबूत बनाता है। युद्ध शुरू होने के बाद से नॉर्वे ने कई बार मदद बढ़ाई है।
यह घोषणा ऐसे समय आई है जब दुनिया भर में युद्ध की लागत और मदद की जरूरत पर बहस चल रही है। नॉर्वे साफ कह रहा है कि वह यूक्रेन के साथ खड़ा रहेगा। अब माना जा रहा है कि नॉर्वे के बाद अन्य यूरोपियन देश भी यूक्रेन की मदद के लिए आगे आएंगे।