
अमेरिकी निवेशकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) और इसके CEO जेन्सेन हुआंग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कैलिफोर्निया के सैन होजे में अमेरिकी अदालत में दायर एक क्लास-एक्शन मुकदमे में शेयरधारकों का आरोप है कि कंपनी और हुआंग ने निवेशकों को अंधेरे में रखा। शिकायतकर्ताओं का तर्क है कि हुआंग ने कथित चीनी खुफिया एजेंट के साथ अपने निजी संबंधों और इससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों को छिपाकर कॉर्पोरेट गवर्नेंस के मानकों का उल्लंघन किया है।
अदालत में दायर दस्तावेजों और अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, यह विवाद जेन्सेन हुआंग और ऐलिस हुआंग के बीच कथित संबंधों को लेकर है। ऐलिस हुआंग सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड की पूर्व वरिष्ठ कार्यकारी रही हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ऐलिस हुआंग की पहचान चीन की मुख्य खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के एक सक्रिय एजेंट के रूप में की है।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि मेगास्पीड ने एनवीडिया के अत्याधुनिक AI प्रोसेसर को चीन भेजने में मदद की, जिससे अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों को दरकिनार कर दिया गया। इंडस्ट्री रिकॉर्ड बताते हैं कि इस क्षेत्र में बहुत कम मौजूदगी होने के बावजूद मेगास्पीड ने एनवीडिया से लगभग 2 अरब डॉलर की चिप्स खरीदीं और चीनी ई-कॉमर्स व क्लाउड दिग्गज अलीबाबा को कंप्यूटिंग क्षमता लीज पर दी।
इस विवाद को लेकर जेन्सेन हुआंग ने रविवार को एनवीडिया के सभी कर्मचारियों को एक भावुक और माफी भरा पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि अपनी पत्नी लोरी के साथ 40 साल की शादी के दौरान वह बेवफा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने पत्र में किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया।
हुआंग ने लिखा, "मेरे कार्यों से मेरी पत्नी और बच्चों को गहरी चोट पहुंची है। मैंने जो किया है, उसके लिए कोई बहाना नहीं है। मुझे बहुत खेद है। मैं जानता हूं कि माफी मांगने से गलती सुधारी नहीं जा सकती, लेकिन मुझे उम्मीद है कि समय के साथ मैं अपने परिवार और आप सभी का भरोसा फिर से जीत सकूंगा।" हुआंग ने अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में विफल रहने के लिए कर्मचारियों, बोर्ड के सदस्यों और शेयरधारकों से भी माफी मांगी।
यह कॉर्पोरेट मामला अब अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े मुद्दे में बदल गया है। पत्रकारों से बातचीत में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) एनवीडिया के CEO और ऐलिस हुआंग के बीच कथित संबंधों के साथ ही डेटा और तकनीक के संभावित लीक होने की जांच कर रहा है। इसके अलावा, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन प्रमुख समितियों के रिपब्लिकन अध्यक्षों ने जेन्सेन हुआंग को समन जारी किया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे इन संबंधों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में स्पष्टीकरण दें।
वहीं, एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एक स्वतंत्र आंतरिक जांच समिति का गठन किया है, जिसमें बाहरी कानूनी विशेषज्ञ भी मदद कर रहे हैं। कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बोर्ड के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे यह लगे कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की बौद्धिक संपदा को कोई नुकसान पहुंचा है, फिर भी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है। एनवीडिया ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि मेगास्पीड जैसी कंपनियों के साथ कोई भी गोपनीय या तकनीकी डेटा साझा नहीं किया गया था।