
नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के पूर्व शीर्ष अधिकारी अजय के. 'जे' पुरी की पत्नी को लेकर एक नई रिपोर्ट में गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शॉर्ट सेलिंग फर्म मडी वाटर्स रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में सवाल उठाया है कि क्या जे पुरी के 'सुपर माइक्रो कंप्यूटर' के पूर्व अधिकारी के साथ निजी संबंध थे? बता दें कि सुपर माइक्रो कंप्यूटर के उस पूर्व अधिकारी पर चीन को अवैध रूप से सर्वर बेचने के मामले में सिविल मुकदमा चल रहा है।
मडी वाटर्स ने 17 नवंबर को 'एनवीडिया: मोर चाइना' शीर्षक से रिपोर्ट जारी की। इसमें कंपनी ने एनवीडिया में अपनी शॉर्ट पोजिशन का खुलासा करते हुए 2024 से 2026 के बीच की कुछ तस्वीरों का शामिल किया। जिनमें पुरी अपनी पत्नी सेनली चेन के साथ दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्ट में उन्हें 'सेनली पुरी' भी कहा गया है। फर्म ने सवाल उठाया कि क्या तस्वीरों में पुरी के साथ दिख रही महिला वही सेनली चेन के रुप में पहचाना गया है, जो पहले सुपर माइक्रो कंप्यूटर में वरिष्ठ उपाध्यक्ष और चीफ ग्रोथ ऑफिसर के पद पर काम कर चुकी हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, मडी वाटर्स ने सैन फ्रांसिस्को ओपेरा के 2024 के मास्क्ड बॉल और 23 अप्रेल 2026 को आयोजित बिग बैंग गाला की तस्वीरों की तुलना सुपर माइक्रो की पूर्व अधिकारी के एक वीडियो इंटरव्यू से की। इन तस्वीरों में जय पुरी के साथ मौजूद महिला को सेनली चेन और सेंली पुरी के नाम से टैग किया गया था।
जे पुरी ने इस जून में एनवीडिया के संचालन संबंधी पद से इस्तीफा दिया था। वह करीब 21 साल तक कंपनी के वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशंस के प्रमुख रहे। इस दौरान वह कंपनी के वैश्विक बिक्री और कारोबारी साझेदारियों से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालते थे।
कंपनी में उनका स्थान तत्कालीन सीईओ जेनसन हुआंग और सीएफओ कोलेट क्रेस के बाद तीसरा था। पद छोड़ने के बाद भी वह एनवीडिया के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में जुड़े हुए हैं। 17 जून 2026 तक उनके पास कंपनी के 36.65 लाख से अधिक शेयर थे, जिनकी कीमत 16 नवंबर के बाजार भाव के आधार पर करीब 57 करोड़ डॉलर थी।
यह पूरा मामला अक्टूबर में सुपर माइक्रो के खिलाफ दायर एक सिविल मुकदमा है। इसमें कंपनी के पूर्व कर्मचारियों के हवाले से आरोप लगाया गया कि सेनली चेन एनवीडिया से जीपीयू चिप्स की खरीद और ग्राहकों को उनके वितरण का प्रबंधन करती थीं।
शिकायत में दावा किया गया कि चीन को अवैध रूप से चिप्स भेजे जाने की जानकारी उन्हें थी। एक पूर्व कर्मचारी के मुताबिक, सेनली चेन ने कथित तौर पर ऐसे ईमेल भेजे थे, जिनमें चीन भेजे गए जीपीयू से जुड़े सीरियल नंबर वाले चिप्स जारी करने के लिए एनवीडिया से अनुरोध किया गया था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सेनली चेन ने एक बार कोरवीव के एक अधिकारी को चीन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने के दौरान एनवीडिया चिप्स सौंपे थे। हालांकि, ये सभी आरोप अभी न्यायिक रूप से साबित नहीं हुए हैं।
यह दीवानी मुकदमा, सुपर माइक्रो से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ अमेरिकी संघीय अभियोग (फेडरल इंडिक्टमेंट) के बाद आया है। इनमें कंपनी के सह-संस्थापक लियाव, ताइवान के मैनेजर चांग और एक तीसरे पक्ष के ब्रोकर सन का नाम शामिल है।
इन पर आरोप है कि दक्षिण-पूर्व एशिया की एक 'फ्रंट कंपनी' (जिसका नाम फुटनोट में बैंकॉक स्थित OBON कॉर्प बताया गया है) के जरिए एनवीडिया जीपीयू से लैस करीब 2.5 अरब डॉलर के सुपर माइक्रो सर्वर चीन के खरीदारों तक पहुंचाए गए। मामले में तीन आरोपियों में से एक ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, एक ने आरोपों से इनकार किया है, जबकि तीसरे के फरार होने की खबर है।
मडी वाटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि किसी भी सरकार ने सेनली चेन नाम की किसी महिला पर आपराधिक आरोप नहीं लगाए हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि सिविल क्लास एक्शन (दीवानी मुकदमे) में लगाए गए आरोप अभी तक साबित नहीं हुए हैं।