एक चूक से 7 हज़ार रोबोट कंट्रोल में आ गए। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।
सफाई करने वाला रोबोट और स्मार्ट होम गैजेट्स आपके घर की जासूसी भी कर सकते हैं। यह बात हैरान करने वाली ज़रूर है, लेकिन सच है। हाल ही में अमेरिका के इंजीनियर ने 24 देशों के हज़ारों गैजेट्स पर कंट्रोल पाने का दावा किया है। सैमी अजदोफल नाम के इस शख्स ने बताया कि एक तकनीकी चूक के कारण उसे करीब 7 हज़ार घरों के रोबोट वैक्यूम्स का एक्सेस मिल गया।
हज़ारों रोबोट, कैमरा और माइक को कंट्रोल करने से अजदोफल उन लोगों के घरों के अंदर के नज़ारे, लाइव कैमरा फीड और लोगों की निजी बातें भी सुन पा रहा था। यह भूल डिजिटल सुरक्षा के नज़रिए से काफी बड़ी मानी जा रही है क्योंकि इससे आसानी से जासूसी हो सकती है।
एक्सपर्ट्स चिंता जाहिर कर रहे हैं कि बिना घर वालों की जानकारी के कोई भी उनके बेडरूम और किचन तक की निगरानी कर सकता है। इससे प्राइवेसी को बड़ा खतरा हो सकता है।
अजदोफल ने रोबोट को रिमोट से चलाने के लिए कोडिंग करते वक्त गलती से मास्टर एक्सेस पा लिया। कंपनी के सर्वर ने उसे सामान्य यूज़र की जगह मास्टर ओनर समझ लिया। अच्छी बात यह रही कि अजदोफल ने इसका गलत फायदा नहीं उठाया और तुरंत रोबोट बनाने वाली कंपनी और मीडिया को जानकारी दी। गैजेट्स बनाने वाली डीजेआई कंपनी ने गलती मानते हुए कहा कि ऐसा दोबारा नहीं होगा। इसके बाद रोबोट वैक्यूमस का सॉफ्टवेयर अपडेट किया गया।