विदेश

सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक में ढही सोने की खदान, 100 से ज़्यादा मजदूरों की हुई मौत

Gold Mine Collapse: सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक में सोने की खदान ढहने से हड़कंप मच गया है। इस हादसे में 100 से ज़्यादा मजदूरों ने अपनी जान गंवा दी हैं।
2 min read
Aug 19, 2026
Gold mine collapse in Central African Republic
सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक में ढही सोने की खदान (Photo - Video Screenshot from @AlArabiya_Eng)

खदानों के ढहने के मामले दुनियाभर में ही देखने को मिलते हैं और पिछले करीब दो साल में इन मामलों में इजाफा भी हुआ है। समय-समय पर कहीं न कहीं इस तरह की घटनाएं घटित होती हैं। अफ्रीकी देश में तो इस तरह के मामले अक्सर सामने आते हैं। अब खदान ढहने का मामला सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक (Central African Republic) में सामने आया है। यह हादसा नाना-माम्बेरे (Nana-Mambéré) प्रांत के जाम्बोये (Zamboye) गांव में मंगलवार को हुआ, जो कैमरून (Cameroon) की बॉर्डर के नज़दीक है। बताया जा रहा है कि जिस खदान में हादसा हुआ, वो सोने की थी और अवैध रूप से चलाई जा रही थी।

100 से ज़्यादा मजदूरों की हुई मौत

सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक के नाना-माम्बेरे प्रांत के जाम्बोये गांव में स्थित सोने की खदान के ढहने से 100 से ज़्यादा मजदूरों की मौत हो गई है। स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी दी। शुरू में 30 शव निकाले गए, लेकिन बाद में मौतों का आंकड़ा 100 से ऊपर पहुंच गया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 107 शव निकालने की बात कही गई है। इस हादसे में कम से कम चार कैमरूनी नागरिक भी मारे गए।

कई मजदूर घायल, कुछ अभी भी मलबे के नीचे फंसे

सोने की खदान के ढहने से कई मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घायलों में से कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीँ कुछ मजदूर अभी भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन मशीनरी की कमी के कारण काम मुश्किल हो रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

किस वजह से हुआ हादसा?

जाम्बोये गांव में स्थित सोने की खदान किस वजह से ढही, फिलहाल इसके सटीक कारण का खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह एक पारंपरिक (आर्टिसनल) खदान थी, जहाँ सैकड़ों मजदूर हाथ से खुदाई करके सोना निकालते थे। इसे अवैध रूप से चलाया जा रहा था, इसलिए सुरक्षा के कोई मानक नहीं थे। अवैध खनन के दौरान सुरक्षा नियमों की कमी के कारण ऐसी दुर्घटनाएं बार-बार होती रहती हैं।

Updated on:
19 Aug 2026 11:17 pm
Published on:
19 Aug 2026 11:07 pm