विदेश

Pahalgam Terrorist Attack: पाकिस्तान ने दी भारत को खुलेआम धमकी, कहा – “देंगे मुंहतोड़ जवाब”

Pahalgam Terrorist Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के सिंधु जल समझौता रद्द करने पर पाकिस्तान ने भारत को खुलेआम धमकी दे दी है। पाकिस्तानी पीएम ने इस विषय में एक बड़ा बयान दिया है।
2 min read
• •
Updated: 26 Apr 2025, 3:32 PM IST
Shehbaz Sharif
Shehbaz Sharif

पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terrorist Attack) के बाद भारत (India) में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लोगों में आक्रोश है और इस आतंकी हमले का बदला लेने की मांग उठाई जा रही है। 26 लोगों की मौत और 20 लोगों के घायल होने की वजह बने इस आतंकी हमले को द रेसिस्टेन्स फ्रंट (The Resistance Front – TRF) नाम के आतंकी संगठन ने अंजाम दिया था, जिसका कनेक्शन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) के साथ है। भारत और पाकिस्तान (Pakistan) में इस वजह से तनाव काफी बढ़ गया है और इसके चलते भारत ने सिंधु जल समझौता रद्द कर दिया है। भारत ने पाकिस्तानियों के लिए वीज़ा पर भी रोक लगा दी है और जो पाकिस्तानी फिलहाल भारत में हैं, उन्हें देश छोड़ने का आदेश दे दिया है और भारतीयों को पाकिस्तान से जल्द से जल्द लौटने का निर्देश दिया है। पाकिस्तान ने भी शिमला समझौता रद्द करने का फैसला लिया है और साथ ही भारत से हर तरह के व्यापार पर भी रोक लगा दी है। इसी बीच अब पाकिस्तानी पीएम शहबाज़ शरीफ (Shehbaz Sharif) ने एक बड़ा बयान दिया है।

पाकिस्तानी पीएम ने दी भारत को खुलेआम धमकी

पाकिस्तानी पीएम शरीफ ने भारत को खुलेआम धमकी दी है। भारत ने सिंधु जल समझौता तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया है और इस बारे में पाकिस्तान को पत्र लिखकर आधिकारिक रूप से जानकारी भी दे दी है। ऐसे में शरीफ ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "अगर भारत ने पाकिस्तान के पानी को रोकने या इसे मोड़ने की कोशिश की, तो हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। हम किसी भी दुस्साहस का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हमारा देश करीब 25 करोड़ लोगों का है और हम अपनी सेना के साथ है।"

निष्पक्ष जांच के लिए पाकिस्तान तैयार

शरीफ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान इस मामले में निष्पक्ष जांच के लिए तैयार है। शरीफ ने कहा, "भारत बिना किसी जांच या सबूत के पाकिस्तान पर आधारहीन और झूठे आरोप लगा रहा है। पहलगाम हमले के मामले में पाकिस्तान हर तरह की निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच में भाग लेने के लिए तैयार है।"

Updated on:
26 Apr 2025, 3:32 PM IST
Published on: