
पाकिस्तान (Pakistan) की सेना को एक बार फिर आतंकियों के खिलाफ कामयाबी मिली है। खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत, जो पाकिस्तान में आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित प्रांत है, में पाकिस्तानी सेना आतंकवाद-विरोधी अभियान चला रही है। इसी के तहत पाकिस्तानी सेना ने डेरा इस्माइल खान (Dera Ismail Khan) जिले में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में आतंकवाद-विरोधी अभियान के तहत की गई कार्रवाई में 3 आतंकियों को मार गिराया। जानकारी के अनुसार ये आतंकी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी (Tehreek-e-Taliban Pakistan aka TTP) संगठन के थे और इन्हें खुफिया सैन्य अभियान के तहत ट्रैक किया गया और मौत के घाट उतार दिया गया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस - आईएसपीआर (Inter-Services Public Relations - ISPR) ने सेना की इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।
पाकिस्तान में आतंकवाद के मामले में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लिस्ट में सबसे ऊपर है। खैबर पख्तूनख्वा के हर होने में आतंकवाद फैला हुआ है। इसकी मुख्य वजह है टीटीपी। टीटीपी पाकिस्तानी सरकार और सेना के लिए सिरदर्द बन चुका है। आए दिन ही टीटीपी के आतंकी प्रांत में कहीं न कहीं हमलों को अंजाम देते हैं। टीटीपी का मुख्य निशाना सेना, पुलिसकर्मी और सरकारी अधिकारी रहते हैं, लेकिन सामान्य लोग भी इनसे सुरक्षित नहीं हैं। खैबर पख्तूनखा की बॉर्डर अफगानिस्तान (Afghanistan) से लगती है और अफगान तालिबान (Taliban) भी टीटीपी को हर मदद मुहैया कराता है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी (Asif Ali Zardari) ने कहा है कि देश से आतंकी नेटवर्क को खत्म करने में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए सैन्य अभियान बेहद ही अहम हैं। ज़रदारी ने समय-समय पर सुरक्षाबलों की तारीफ की है। बेकाबू हो रहे आतंकवाद पर काबू पाने के लिए पाकिस्तानी सरकार के आदेश पर पाकिस्तानी सेना ने देश में सैन्य अभियान तेज़ कर दिए गए हैं। पाकिस्तानी सरकार और सेना ने साफ कर दिया है कि आतंकियों को खत्म करने के लिए सैन्य अभियान जारी रहेगा जिससे आतंकवाद से निपटा जा सके और प्रांत में स्थिति को सुधारा जा सके।