
पाकिस्तान (Pakistan) के लिए खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत में एक्टिव आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी (Tehreek-e-Taliban Pakistan aka TTP) सिरदर्द बना हुआ है। टीटीपी को अफगान तालिबान (Taliban) से समर्थन मिलता है और आए दिन ही टीटीपी खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमलों को अंजाम देता है। इनमें सामान्य लोगों को ही नहीं, बल्कि सुरक्षाबलों को भी निशाना बनाया जाता है। ऐसे में पाकिस्तानी सेना का टीटीपी के खिलाफ सैन्य अभियान जारी है। अब सेना को टीटीपी के खिलाफ एक बार फिर कामयाबी मिली है।
पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान (North Waziristan) जिले में खुफिया सैन्य अभियान को अंजाम देते हुए 7 टीटीपी आतंकियों को ढेर कर दिया। जानकारी के अनुसार यह सैन्य कार्रवाई पाकिस्तान के आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत उत्तरी वजीरिस्तान के मीर अली इलाके के ईदक गांव में की गई। सेना ने आतंकियों के ठिकानों पर टारगेटेड ऑपरेशन शुरू करने से पहले उन्हें ट्रैक किया, जिसमें 7 आतंकी मारे गए।
पाकिस्तानी सेना की इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस - आईएसपीआर (Inter-Services Public Relations - ISPR) ने भी की। पाकिस्तानी सेना ने अपने टारगेटेड ऑपरेशन के दौरान आतंकियों के कई ठिकाने भी तबाह कर दिए। सेना के इस ऑपरेशन से इलाके में आतंकियों की दहशत फैलाने की क्षमता पर भी असर पड़ा है।
पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा प्रांत देश में आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित प्रांत है। इसकी बॉर्डर अफगानिस्तान से लगती है, जिसकी वजह से टीटीपी को आसानी से अफगान तालिबान से मदद मिल जाती है। खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी का नेटवर्क एक्टिव है और आतंकी आए दिन ही हमले करते रहते हैं। इनमें गोलीबारी, धमाके और खास तौर पर आत्मघाती हमले शामिल हैं।
पाकिस्तानी सरकार और सेना ने साफ कर दिया है कि आतंकियों को खत्म करने के लिए सैन्य अभियान जारी रहेगा। पाकिस्तान में आतंकवाद की वजह से स्थिति काफी खराब है और इसी वजह से सेना सक्रिय रूप से कार्रवाई करती है।