विदेश

जुमे की नमाज के दौरान पाकिस्तान की मस्जिद में बम धमाका, कई लोगों की मौत

Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान में आज जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में बम धमाका हो गया। इस धमाके में अब तक कई लोग मारे गए हैं और मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका है।
2 min read
Sep 18, 2026
Blast
पाकिस्तान में बम धमाका (Representational Photo)

पाकिस्तान (Pakistan) में बम धमाकों के मामले अक्सर ही सामने आते हैं। इसी तरह का एक मामला आज, शुक्रवार, 18 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) में सामने आया जब जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में बम धमाका (Bomb Blast) हो गया। यह बम धमाका कोहाट (Kohat) जिले में पुलिस लाइंस कॉम्प्लेक्स के पास हुआ, जिसके बाद हाहाकार मच गया। कॉम्प्लेक्स को इस धमाके की वजह से कितना नुकसान पहुंचा है, यह अभी साफ नहीं हुआ है।

बिछ गई लाशें

पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में हुए बम धमाके के बाद लाशें बिछ गईं। पहले 8 लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। उसके बाद मृतकों की संख्या 15 हो गई। अब मरने वालों की संख्या 27 होने की जानकारी सामने आ रही है। मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

कई लोग घायल

इस बम धमाके में कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों की संख्या 50 से ज़्यादा बताई जा रही है जिन्हें नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कई लोगों की स्थिति नाज़ुक बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बलों ने तुरंत घटनास्थल की ओर जाने वाली सड़कों को ब्लॉक कर दिया।

आत्मघाती बम धमाका

बताया जा रहा है कि यह एक आत्मघाती बम धमाका था और जुमे की नमाज के दौरान इसलिए किया गया जिससे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को मौत के घाट उतारा जा सके। पहले आत्मघाती बम धमाके के बाद गोलीबारी और दूसरा आत्मघाती बम धमाका भी हुआ। इसके पीछे किस आतंकी संगठन का हाथ है, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी (Tehrik-i-Taliban Pakistan aka TTP) का इस बम धमाके में हाथ हो सकता है। टीटीपी अक्सर ही खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमलों को अंजाम देता है। यह प्रांत अफगानिस्तान की बॉर्डर से लगता है और पाकिस्तान में आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित है।

मामले की जांच शुरू

पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी है। मस्जिद और पुलिस लाइंस कॉम्प्लेक्स के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है जिससे इस धमाके से जुड़े अन्य आतंकी अगर वहाँ मौजूद हैं, तो उन्हें पकड़ा जा सके।

Updated on:
18 Sept 2026 08:23 pm
Published on:
18 Sept 2026 03:11 pm