विदेश

पंजाब से लाखों भैंसें बहकर क्या वाकई पाकिस्तान पहुंचीं? जानिए क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई

सोशल मीडिया पर पंजाब से भैंसों केे बहकर पाकिस्तान जाने के दावे वाला वीडियो वायरल है। नेटिजन इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

2 min read
Sep 02, 2025
पंजाब में आई बाढ़ के दौरान भैंसें बहकर पाकिस्तान चली गईं के दावे झूठे हैं। (फोटो सोर्स : एक्स)

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें कहा जा रहा है कि पंजाब में आई बाढ़ के दौरान किसानों का काला सोना यानी भैंसें बहकर पाकिस्तान चली गईं। दावा यह है कि करोड़ों रुपये की भैंसें बाढ़ के पानी के साथ पाकिस्तान पहुंच रही हैं। इसके बाद नेटिजन ने सरकार को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कई तरह के मैसेज चल रहे हैं कि पंजाब के किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। सरकार को उनकी मदद करनी चाहिए। पत्रिका.कॉम ने जब इस वीडियो की पड़ताल की तो यह वीडियो भारत का नहीं पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का निकला। रावी नदी में बाढ़ के चलते वीडियो में दिखाई गईं ये भैंस किनारे की तरफ जा रही हैं।

क्या कहती है रायटर्स की रिपोर्ट

हाल ही में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दशक की सबसे भीषण बाढ़ आई है। न्यूज एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 5.16 लाख से अधिक पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं एसोसिएटेड प्रेस (AP) के अनुसार 6 लाख से अधिक मवेशी बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाले गए हैं।

भारत से पाकिस्तान भैंसें जाने का दावा झूठा

किसी भी विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय या भारतीय समाचार एजेंसी ने यह रिपोर्ट नहीं दी है कि भारत से भैंसें बाढ़ के कारण पाकिस्तान पहुंच गईं। जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, उसमें सिर्फ भैंसों को पानी में बहते या तैरते हुए दिखाया गया है, लेकिन वीडियो का लोकेशन और सीमा (बॉर्डर) का कोई सबूत नहीं है।

रावी नदी में आई है बाढ़

पाकिस्तान के पंजाब में बाढ़ का मुख्य कारण भारी मानसूनी बारिश और वहां के बांधों से छोड़ा गया पानी बताया गया है। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि भारत से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी भी पाकिस्तान में बाढ़ का दबाव बढ़ाने में कारक बना, लेकिन यह पूरी तरह पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति है।

सोशल मीडिया पर क्या फैला रहे भ्रम

फेसबुक और यूट्यूब पर कई छोटे वीडियो क्लिप्स शेयर किए गए हैं, जिनमें मवेशी पानी में बहते दिखाई देते हैं। इन्हें अलग-अलग संदर्भ में इस्तेमाल कर यह गलत दावा फैलाया गया कि भारत से भैंसें बाढ़ के पानी में बहकर पाकिस्तान जा रही हैं।

Also Read
View All

अगली खबर