विदेश

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान का जेल में हुआ मेडिकल चेक-अप

Imran Khan Medical Check-Up: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बीच जेल में उनका मेडिकल चेक-अप हुआ।
2 min read
Sep 20, 2026
Imran Khan
इमरान खान (Representational Photo)

पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व पीएम इमरान खान (Imran Khan) 2023 से जेल में बंद हैं। इस समय वह रावलपिंडी की हाई-सिक्योरिटी वाली अदियाला जेल में सज़ा काट रहे हैं। जेल में टॉर्चर और मेडिकल सुविधाओं के अभाव में इमरान की सेहत शुरू से ही चिंता का विषय रही है। दुनियाभर के कई क्रिकेटर्स और नेता उनकी रिहाई के साथ ही उन्हें बेहतर मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने की मांग कर चुके हैं। इसी बीच जेल में इमरान को देखने के लिए डॉक्टर की व्यवस्था की गई।

जेल में हुआ मेडिकल चेक-अप

इमरान की सेहत को लेकर चिंता के बीच जेल में ही उनका मेडिकल चेक-अप किया गया। आज आई एक मीडिया रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ। इस रिपोर्ट में बताया गया कि सरकारी पाकिस्तान पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ की एक स्पेशलिस्ट टीम ने इमरान का मेडिकल चेक-अप किया। इस दौरान उनकी पूरी जांच की गई, जिसमें ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल लेवल और आंखों की स्क्रीनिंग शामिल हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ के एक डॉक्टर ने डॉक्टरों की टीम का नेतृत्व किया और जांच के दौरान अदियाला जेल अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने भी मदद की।

आँख में भी है परेशानी

कुछ महीने पहले रिपोर्ट आई थी कि जेल में टॉर्चर की वजह से इमरान की दाहिनी आँख से देखने की 85% क्षमता खत्म हो चुकी है। उनकी दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन की वजह से परेशानी हो रही है और समय पर मेडिकल सुविधा नहीं मिलने की वजह से अब सिर्फ 15% क्षमता ही बची है। इस मामले में शिकायत के बाद उन्हें कई बार पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ में चेक-अप के लिए ले जाया गया।

क्या है इमरान की पार्टी की मांग?

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को आदेश दिया था कि इमरान की देखभाल के लिए उन्हें किसी प्राइवेट अस्पताल में भेजा जाए, लेकिन इसके बजाय उन्हें पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ ले जाया गया और वहाँ कई मेडिकल टेस्ट होने के बाद वापस जेल भेज दिया गया। इमरान की पार्टी पीटीआई (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ) ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते हुए उन्हें पूरी मेडिकल जांच और इलाज के लिए इस्लामाबाद के प्राइवेट शिफा इंटरनेशनल अस्पताल' में ट्रांसफर करने की अपील की है। इसके अलावा राजनीतिक संगठन ने उनकी रिहाई के लिए प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए 27 सितंबर को एक प्रदर्शन करने का भी प्लान बनाया है।

Updated on:
20 Sept 2026 07:23 pm
Published on:
20 Sept 2026 06:46 pm