पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने पत्नी और दो महीने की बेटी समेत सात लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आज (सोमवार) को घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही घर के अंदर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिसमें उसकी पत्नी, दो महीने की मासूम बेटी समेत कुल सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान फारूक उर्फ फारोकाय के रूप में हुई है, जिसे घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पारिवारिक विवाद और घरेलू कलह से जूझ रहा था। इसी तनाव के चलते उसने घर में मौजूद रिश्तेदारों पर गोलियां चला दीं। इस खौफनाक हमले में आरोपी के दो भाई, उनकी पत्नियाँ, उसकी खुद की पत्नी और दो महीने की बेटी की जान चली गई।
गोलीबारी इतनी भीषण थी कि सातों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य अहम सबूत बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में इस वारदात की वजह घरेलू विवाद और लंबे समय से चली आ रही पारिवारिक दुश्मनी सामने आ रही है। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मासूम बच्ची की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषी को कानून के मुताबिक सख्त सजा दिलाई जाएगी।