विदेश

पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असरः पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल, आज से नई दरें लागू

Pakistan Petrol Diesel Price Hike: पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल हुआ महगा। जानिए क्या हैं नई दरें, सरकार का रोज़ाना कीमत तय करने का नया नियम और इस बढ़ोतरी के मुख्य कारण।
2 min read
Aug 14, 2026
Pakistan Petrol Diesel price update.
पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी (फोटो-ANI)

Pakistan Fuel Prices: पश्चिम एशिया में हॉर्मुज़ स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने का असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। ये नई दरें शुक्रवार से लागू हो गई हैं। यह जानकारी पाकिस्तान के अंग्रेजी अख़बार 'डॉन' ने दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में जहां पेट्रोल की कीमत में 0.45 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, वहीं डीजल 1.16 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है। इस तरह, पाकिस्तान में पेट्रोल अब 325.43 रुपए प्रति लीटर और डीजल 383.95 रुपए प्रति लीटर पर उपलब्ध है। रिपोर्ट के मुताबिक, पेट्रोलियम विभाग ने बताया है कि पाकिस्तानी सरकार अभी भी पेट्रोल पर 114 रुपए और डीजल पर 100 रुपए प्रति लीटर का टैक्स वसूल रही है।

अप्रैल में उच्चतम स्तर पर थे पेट्रोल-डीजल के दाम

28 फरवरी को अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद दुनिया भर की तरह पाकिस्तान में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल आया था। पाकिस्तान में इस जंग के चलते अप्रैल में पेट्रोल-डीजल की कीमतें उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थीं। हालांकि, मौजूदा वक्त में पाकिस्तान में हाई-स्पीड डीजल की कीमत 3 अप्रैल को 520.35 रुपए प्रति लीटर के अपने उच्चतम स्तर से काफी कम हो चुकी है। इसी तरह पेट्रोल की कीमत भी 3 अप्रैल को 458.41 रुपए प्रति लीटर के उच्चतम स्तर से गिर गई है।

रोज़ाना तय होंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज़ मलिक ऐलान कर चुके हैं कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में पेट्रोल-डीजल की कीमतें रोज़ाना आधार पर तय होंगी। हालांकि, 'ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन' ने रोज़ाना कीमतें तय करने के फैसले का विरोध किया है। एसोसिएशन ने इस फैसले के ख़िलाफ़ हड़ताल या प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पाकिस्तान सरकार मार्च की शुरुआत से हर सप्ताह ईंधन की कीमतें तय कर रही है।

कीमतें बढ़ने का कारण

ईरान और अमेरिका के बीच फिर से शुरू हुए तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। इसी के चलते पाकिस्तान में भी ये नई कीमतें तय की गई हैं। पाकिस्तान सरकार मार्च से ही तेल बचाने के उपाय भी कर रही है। इसके अलावा कुछ लोगों को सस्ते दाम पर ईंधन देने के लिए एक ख़ास राहत योजना की भी घोषणा की गई थी।

Updated on:
14 Aug 2026 08:27 am
Published on:
14 Aug 2026 08:27 am