
Improvised Explosive Device Blast Philippines: फिलीपींस से बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलीपींस में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के संबोधन से ठीक पहले न्याय मंत्रालय (डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस) के बाहर एक तेज विस्फोट हुआ। जिसकी गूंज काफी दूर तक सुनी गई। यही नहीं धमाके के कुछ घंटे ही बाद सीनेट भवन के पास एक संदिग्ध 'इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस' (IED) भी मिला। स्थानीय पुलिस ने समय रहते दूसरे डिवाइस को निष्क्रिय कर दिया। दोनों घटनाओं के बीच एक-दूसरे से संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर जांच तेज कर दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार आधी रात के बाद न्याय मंत्रालय के प्रवेश द्वार के पास एक घर में बना बम फट गया। राहत की बात यह रही कि इस धमाके में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि पास में खड़ी एक गाड़ी चपेट में आ गई। उसका शीशा टूट गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी गई।
बता दें इसी दिन सुबह राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर 5वें ‘स्टेट ऑफ द नेशन एड्रेस’ के जरिए देश को संबोधित करने वाले थे। इससे पहले सीनेट भवन के पास एक संदिग्ध IED मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गईं। बम निरोधक दस्ते ने डिवाइस को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सीनेट के पास डायोको बुलेवार्ड पर एक टो ट्रक चालक ने संदिग्ध वस्तु देखकर सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। इसके बाद बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान डिवाइस से ब्लास्टिंग कैप, 9V बैटरी, घड़ी और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री वाला कंटेनर बरामद किया गया। अधिकारियों ने सभी सामान को जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि डिवाइस कितना शक्तिशाली था और इसे वहां किसने रखा।
वहीं नेशनल पुलिस चीफ जोस मेलेंसियो नार्टेज जूनियर ने कहा कि शुरुआती जांच में दोनों घटनाओं के जुड़े होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने माना कि सुरक्षा के लिए पहले से इमरजेंसी प्लान मौजूद थे, लेकिन न्याय मंत्रालय के बाहर हुआ धमाका सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
घटना के बाद फिलीपीन एयर फोर्स ने NBI मुख्यालय सहित कई संवेदनशील सरकारी भवनों की K-9 यूनिट से तलाशी कराई। राजधानी में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब देश में राजनीतिक तनाव पहले से बढ़ा हुआ है। उपराष्ट्रपति सारा डुटर्टे के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया और कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर माहौल पहले ही गर्म है। ऐसे में राष्ट्रपति के संबोधन से पहले हुए धमाके और बम मिलने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से इसकी पड़ताल कर रही है।