
विमान हादसों के मामले दुनियाभर में बढ़ रहे हैं। दुनियाभर में आए दिन कहीं न कहीं विमान हादसों के मामले देखने को मिलते हैं। पिछले दो साल में प्लेन क्रैश (Plane Crash) होने के कई मामले देखे गए हैं। सुरक्षा व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के बावजूद भी इस तरह के हादसों में कमी नहीं हो रही है, बल्कि सिर्फ इजाफा हो रहा है, जो चिंता का विषय है। अब प्लेन क्रैश का एक मामला आज, मंगलवार, 10 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया (Australia) में सामने आया है।
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न (Melbourne) के उत्तर-पूर्व में स्थित लिलीडेल एयरपोर्ट (Lilydale Airport) के पास एक छोटी साइज़ का प्लेन लैंडिंग के दौरान एक कार से टकरा गया। यह एयरपोर्ट येरिंग (Yering) उपनगरीय इलाके में स्थित एक प्राइवेट एयरोड्रोम है। जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल प्लेन Piper PA-28 एक ट्रेनिंग उड़ान पर था। दोपहर के समय जब यह रनवे के पास लैंड करने की कोशिश कर रहा था, तब इसका पहिया पास की सड़क पर चल रही एक कार की खिड़की और बोनट से टकरा गया।
इस हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं। कार में सवार एक 70 वर्षीय पुरुष और एक 60 वर्षीय महिला को सिर में चोटें आई हैं। उन्हें नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हादसे में प्लेन में सवार स्टूडेंट पायलट और इंस्ट्रक्टर (ट्रेनर) पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। हालांकि हादसे के बाद दोनों की पैरामेडिक्स ने प्लेन में ही जांच की और यह सुनिश्चित किया कि दोनों पूरी तरह सही हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजने की ज़रूरत नहीं है।
यह हादसा किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई परिवहन सुरक्षा ब्यूरो (ATSB) ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है, जिससे जल्द से जल्द इसकी वजह का पता लगाया जा सके। ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन ने बताया कि इस घटना में शामिल प्लेन एयरपोर्ट पर स्थित एक फ्लाइंग स्कूल का है। इस हादसे में प्लेन को मामूली नुकसान पहुंचा है।