विदेश

‘दुनिया को शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत’ आसियान समिट में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23वें ASEAN-India शिखर सम्मेलन में भारत और ASEAN देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक्ट ईस्ट पॉलिसी से दोनों पक्षों के रिश्ते मजबूत हुए हैं और अब डिजिटल, रक्षा व अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 12:16 PM IST
PM Narendra Modi
PM Narendra Modi (Photo-ANI)

मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (ASEAN) के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने पिछले कुछ वर्षों में इन रिश्तों को नई गति और गहराई दी है। अब भारत और आसियान की साझेदारी साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक पहुंच गई है।

फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ASEAN देशों के साथ लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं।

दुनिया को शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया लगातार कई संकटों से गुजरी है। ऐसे समय में वैश्विक समुदाय को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और भविष्य को लेकर भरोसेमंद माहौल की जरूरत है। इस संबंध में शिखर सम्मेलन की इस वर्ष की थीम 'नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर' (मिलकर अपने भविष्य की राह तय करना) विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। आने वाले वर्षों में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

भारत और आसियान के बीच बढ़ रहे सीधे हवाई संपर्क

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और पर्यटन में बढ़ोतरी दोनों पक्षों के मजबूत होते संबंधों का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान की साझेदारी अब कई नए क्षेत्रों में विस्तार कर रही है। दोनों पक्षों के बीच सहयोग क्षेत्रीय विकास और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है।

भारत की आसियान एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति प्रतिबद्धता

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और आसियान के बीच साझेदारी को नई गति मिली है। अब दोनों पक्षों को मिलकर क्षेत्र के भविष्य के लिए नई दिशा तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि आसियान की एकता और क्षेत्रीय सहयोग में उसकी केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटूट है और आगे भी बनी रहेगी। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि इस शिखर सम्मेलन से भारत और आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई मिलेगी। साथ ही इससे सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में मदद मिलेगी।

Updated on:
17 Nov 2026, 12:16 PM IST
Published on: