
बांग्लादेश (Bangladesh) में पिछले कुछ समय में आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई है। देश की अर्थव्यवस्था भी पहले से कमजोर हो रही है। ऐसे में बांग्लादेश में महंगाई भी बढ़ गई है। इसकी मार जनता पर पड़ रही है। दैनिक जीवन में काम आने वाली कई चीज़ों की कीमत बांग्लादेश में काफी बढ़ गई है। यहाँ तक कि खाने-पीने की वस्तुओं के दाम भी बढ़ रहे हैं। आलू और प्याज (Potato And Onion) जैसी सब्जियाँ भी महंगी हो रही हैं। लेकिन जल्द ही बांग्लादेश की जनता को इससे राहत मिल सकती है।
आलू-प्याज हो सकता है सस्ता
बांग्लादेश में आलू-प्याज सस्ता हो सकता है। देश के कर संग्रह निकाय, राष्ट्रीय राजस्व बोर्ड ने आलू-प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए इन दोनों सब्जियों के आयात शुल्क को कम कर दिया है।
आयात शुल्क में कितनी दी गई छूट?
बांग्लादेश के कर संग्रह निकाय, राष्ट्रीय राजस्व बोर्ड ने आलू के आयात पर लगने वाले 25% शुल्क को घटाते हुए 15% कर दिया है। प्याज की बात करें, तो इसके आयात पर लगने वाले 5% नियामक शुल्क को माफ कर दिया गया है।
फसलों के कीटनाशक पर आयात शुल्क में भी हुई कटौती
बोर्ड ने फसल सुरक्षा रसायनों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए कीटनाशकों के आयात पर पहले लगने वाले 25% शुल्क को घटाकर 5% कर दिया है। यह कटौती 30 नवंबर, 2024 तक बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें- आतंकी हमले में सीरिया के 3 सुरक्षा अधिकारियों की मौत