
टोक्यो। पश्चिम एशिया में जारी संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों की आवाजाही में आ रही चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी नहीं हुई है। देश की आर्थिक विकास दर करीब 7.8 प्रतिशत बनी हुई है। यह बात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत के दौरान कही।
राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई तरह के संकट चल रहे हैं। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण तेल की आपूर्ति और टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य से भारत तक जरूरत के मुताबिक तेल पहुंचाना आसान नहीं है। इसके बावजूद सरकार ने अर्थव्यवस्था की गति बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है और 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।
रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले साढ़े 12 वर्षों में सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। उन्होंने कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया में भी उंगली उठाकर यह नहीं कह सकता कि सरकार के किसी मंत्री या पूरे मंत्रिमंडल पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप साबित हुआ है।
राजनाथ सिंह ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि पिछले साढ़े 12 से 13 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले वे अपने भाषणों में 25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का आंकड़ा देते थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के आंकड़े सामने आने के बाद उन्होंने 50 करोड़ का आंकड़ा बताना शुरू किया। उनके मुताबिक, दो से तीन अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने भी इस आंकड़े की पुष्टि की है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पूरा पैसा जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाता था। कई बार 40 से 60 प्रतिशत राशि ही लाभार्थियों तक पहुंचती थी और बाकी रकम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सीधे लाभ हस्तांतरण (DBT) की व्यवस्था को मजबूत किया है। अब दिल्ली के बैंक से 100 पैसे निकलते हैं तो लाभार्थी तक पूरे 100 पैसे पहुंचते हैं। बीच में एक भी पैसा नहीं कटता। राजनाथ सिंह ने बताया कि अक्टूबर महीने में UPI के जरिए 31.53 लाख करोड़ रुपए के लेनदेन हुए। उन्होंने यह भी बताया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जब मौजूदा सरकार सत्ता में आई थी, तब भारत का रक्षा निर्यात करीब 600 से 900 करोड़ रुपए था, जो अधिकतम 1,200 करोड़ रुपए तक पहुंचता था। आज यह बढ़कर 40 हजार करोड़ रुपए हो गया है।
उन्होंने बताया कि देश का रक्षा उत्पादन भी पहले के 40 से 46 हजार करोड़ रुपए के स्तर से बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना ने अपनी क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन किया।