
पाकिस्तान (Pakistan) के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में सक्रिय अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी - बीएलए (Baloch Liberation Amy - BLA) ने अपने लिए नए कमांडर-इन-चीफ को चुन लिया है। संगठन ने वरिष्ठ कमांडर रहमान गुल (Rehman Gul) उर्फ उस्ताद मुरीद/मुरीद बलूच को यह ज़िम्मेदारी सौंपी है।
रहमान को बीएलए का नया कमांडर-इन-चीफ बनाना संगठन की लीडरशिप में बड़ा बदलाव है। 3 नवंबर को बीएलए ने घोषणा की थी कि बशीर ज़ैब बलूच (Bashir Zaib Baloch) अब कमांडर-इन-चीफ के पद पर नहीं रहेगा। इसके बाद बीएलए के प्रशासनिक, सैन्य और नीतिगत फैसलों की ज़िम्मेदारी वरिष्ठ कमांड परिषद को सौंप दी गई थी, लेकिन अब रहमान को लीडरशिप सौंपकर इसमें बड़ा बदलाव किया गया है।
बीएलए के इस फैसले से पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर (Asim Munir) की चिंता बढ़ेगी। रहमान एक समय पाकिस्तानी सेना का सदस्य रह चुका है। वह पाकिस्तानी सेना में कैप्टन था, लेकिन फिर वह बागी हो गया और उसने पाकिस्तानी सेना छोड़कर बीएलए का हाथ थाम लिया। रहमान 2002 में पाकिस्तानी सेना में शामिल हुआ था और 19 फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में 8 साल रहा। 2010 में उसने सेना के खिलाफ बगावत करते हुए बीएलए में शामिल होने का फैसला लिया था। बीएलए का कमांडर-इन-चीफ बनने से पहले वह बीएलए की मजीद ब्रिगेड का कमांडर था। संगठन के मुताबिक रहमान को वरिष्ठ कमांड परिषद के सदस्यों और सभी कमांडरों की सहमति से इस पद पर नियुक्त किया गया है और मुनीर इससे खुश नहीं होंगे। बीएलए और पाकिस्तानी सेना एक-दूसरे के खिलाफ है। बीएलए बलूचिस्तान को पाकिस्तान से आज़ाद कराना चाहता है और अक्सर ही सेना के खिलाफ कार्रवाई भी करता है। बीएलए का कहना है कि पाकिस्तानी सेना और सरकार बलूचों के खिलाफ अत्याचार करती है इसलिए बीएलए सीधे तौर पर दोनों से जंग लड़ रहा है। 8 साल पाकिस्तानी सेना का हिस्सा होने की वजह से रहमान को पता है कि सेना किस तरह से कामकाज करती है, जिसका फायदा बीएलए को मिल सकता है। ऐसे में अब रहमान की लीडरशिप में बीएलए और घातक तरीके से पाकिस्तानी सेना के खिलाफ काम करेगा, जिससे सेना को नुकसान हो सकता है।