विदेश

अमेरिका में पीट हेगसेथ के महाभियोग की कोशिश नाकाम, 7 वोटों से बची कुर्सी, सदन ने समिति को भेजा प्रस्ताव

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव फिलहाल टल गया है। व्हाइट हाउस की लॉबिंग के बाद रिपब्लिकन कांग्रेस सदस्य थॉमस मैसी द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव पर 204 वोटों के मुकाबले हेगसेथ के पक्ष में 211 वोट पड़े। इसके बाद इस प्रस्ताव को एक समिति के पास भेज दिया गया।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 6:43 AM IST
Pete Hegseth Resignation
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की तैयारी (फोटो सोर्स:@SecWar)

Pete Hegseth Impeachment: अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में रिपब्लिकन नेताओं ने व्हाइट हाउस के साथ मिलकर सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कोशिश को नाकाम कर दिया। हाउस ने 211 के मुकाबले 204 वोटों से महाभियोग प्रस्ताव को एक लेजिस्लेटिव कमिटी के पास भेजने का फैसला किया।

रिपब्लिकन कांग्रेसमैन थॉमस मैसी द्वारा लगाए गए आरोप

हेगसेथ के खिलाफ यह महाभियोग प्रस्ताव किसी विपक्षी डेमोक्रेट ने नहीं, बल्कि रिपब्लिकन पार्टी के ही एक सदस्य, कांग्रेसमैन थॉमस मैसी ने पेश किया था। मैसी के प्रस्ताव में महाभियोग के आठ आधार बताए गए थे। इसमें आरोप लगाया गया था कि पीट हेगसेथ ने अमेरिकी संविधान और वॉर पावर्स एक्ट का उल्लंघन किया है। आरोप के अनुसार, उन्होंने कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान और यमन में सैन्य हमलों को अधिकृत किया और साथ ही वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए एक अभियान भी चलाया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपने कदम के कानूनी आधार को स्पष्ट करते हुए मैसी ने बताया कि कानून के अनुसार, यदि अमेरिकी कांग्रेस 60 दिनों के भीतर किसी सैन्य कार्रवाई को मंजूरी नहीं देती है, तो सशस्त्र बलों को कानूनी रूप से वहां से हट जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन एपिक फ्यूरी बिना संसदीय मंजूरी के 256 दिनों से चल रहा था, जो सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है।

हेगसेथ का पलटवार

इससे पहले पेंटागन में पत्रकारों से बात करते हुए पीट हेगसेथ ने महाभियोग की इस कोशिश की तुलना डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान उनके खिलाफ हुए दो असफल महाभियोग प्रयासों से की। हेगसेथ ने कहा, "हम यह तमाशा पहले भी देख चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप पर एक फोन कॉल को लेकर महाभियोग चलाया था और फिर उनके कार्यकाल के आखिरी हफ्ते में भी ऐसा ही किया। दोनों बार वे नाकाम रहे। अब, वे तीसरी बार कोशिश कर रहे हैं, इस बार कैबिनेट के एक सदस्य के खिलाफ।" हेगसेथ ने कहा कि उन्हें कमांडर-इन-चीफ के आदेशों का पालन करने पर गर्व है। उन्होंने यह भी कहा कि यह नया प्रयास भी बुरी तरह विफल हो जाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि पीट हेगसेथ के खिलाफ डेमोक्रेट्स की महाभियोग लाने की कोशिश बुरी तरह विफल रही है। थॉमस मैसी को छोड़कर, सभी रिपब्लिकन ने पीट के पक्ष में वोट दिया। वेनेजुएला और ईरान में मिली सफलताएं, सेना में भर्ती के रिकॉर्ड आंकड़े और सैनिकों के बीच देखा गया उत्साह, यह सब साबित करता है कि अमेरिकी देशभक्त पीट हेगसेथ पर कोई उंगली नहीं उठाई जा सकती। उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स लगातार अमेरिका को नुकसान पहुंचा रहे हैं और इस प्रक्रिया का इस्तेमाल एक हथियार के रूप में कर रहे हैं, इसे रोका जाना चाहिए।

Updated on:
11 Nov 2026, 6:43 AM IST
Published on: