
मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता जा रहा है। सऊदी अरब की राजधानी रियाद को निशाना बनाकर मिसाइल हमले किए गए हैं। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई दो मिसाइलों को सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया है।
इस घटना के बाद राजधानी में कुछ समय के लिए इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। हालांकि, बाद में सऊदी सिविल डिफेंस ने खतरे को टलने की जानकारी देते हुए अलर्ट वापस ले लिया।
वहीं, इस घटना के बाद अमेरिका ने भी मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका के छह देशों की यात्रा को लेकर अपने नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी की है।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाली सेना ने मंगलवार सुबह बताया कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने राजधानी रियाद की ओर दो मिसाइलें दागी थीं। हालांकि, सऊदी अरब की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने दोनों मिसाइलों को बीच रास्ते में ही रोक लिया और उन्हें नष्ट कर दिया।
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया गया। फिलहाल इस हमले में किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है।
मिसाइल हमले की खबर के बाद सऊदी अरब के सिविल डिफेंस विभाग ने राजधानी रियाद में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। विभाग ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट के जरिए लोगों को संभावित खतरे के प्रति सतर्क किया।
कुछ समय बाद हालात सामान्य होने पर अलर्ट हटा लिया गया और लोगों को राहत दी गई। हालांकि, प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन जारी रखने की अपील की है।
सिविल डिफेंस ने लोगों को चेतावनी दी कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना के दौरान भीड़ न लगाएं। साथ ही घटनास्थल पर वीडियो बनाने या तस्वीरें लेने से बचने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे समय में सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए यात्रा संबंधी चेतावनी भी जारी की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ईरान, इराक, लेबनान, लीबिया, सीरिया और यमन की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
इन सभी देशों को अमेरिका ने अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में लेवल-4 पर रखा है। यह सबसे गंभीर चेतावनी का स्तर है। इसके तहत अमेरिकी नागरिकों को किसी भी परिस्थिति में इन देशों की यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक्स पर कहा कि स्थानीय सुरक्षा हालात और जरूरत पड़ने पर अपने नागरिकों की मदद करने की सीमित क्षमता के कारण इन देशों को लेवल-4 में रखा गया है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ईरान, इराक, लेबनान, लीबिया, सीरिया और यमन के अलावा अफगानिस्तान, रूस, यूक्रेन, सूडान और दक्षिण सूडान भी उन देशों में शामिल हैं, जहां अमेरिकी नागरिकों के लिए सबसे गंभीर यात्रा चेतावनी लागू है। कुल 23 देशों को इस श्रेणी में रखा गया है।