9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ईरान-अमेरिका युद्ध पर बड़ा अपडेट, डोनाल्ड ट्रंप से मिलेंगे कतर के प्रधानमंत्री, जानें समझौते को लेकर कहां फंसा पेंच?

ईरान युद्ध खत्म कराने की कोशिश अब तेज हो गई है। इसके लिए अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात करने जा रहे हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Mukul Kumar

•

Updated: 9 Nov 2026, 5:21 PM IST

Donald Trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(फोटो-IANS)

ईरान और अमेरिका के बीच आठ महीने से ज्यादा समय से जारी युद्ध को खत्म कराने के लिए कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि कतर शुरुआत से ही अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।

अभी भी तनाव जोरों पर

इस बीच खाड़ी क्षेत्र में हमले लगातार जारी हैं। अमेरिका ने रात में ईरान के केश्म द्वीप पर हमला किया, जबकि ईरान की ओर से खाड़ी क्षेत्र और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने भी सऊदी अरब में हमला किया है।

ट्रंप के सामने घरेलू राजनीति का भी दबाव

ईरान के साथ युद्ध को लेकर ट्रंप प्रशासन पर घरेलू दबाव बढ़ता जा रहा है। पिछले सप्ताह हुए अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद से काफी खराब रहा। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने इसके लिए ईरान युद्ध को भी जिम्मेदार ठहराया है।

युद्ध शुरू हुए आठ महीने से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन अमेरिका और इजरायल को अब तक कोई निर्णायक जीत नहीं मिली है। ट्रंप ने हाल में संकेत दिया है कि फिलहाल बड़े स्तर पर दोबारा युद्ध शुरू होने की संभावना कम है। हालांकि, वह ईरान की ओर से रखे गए मौजूदा युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा है कि उन्हें फिलहाल बातचीत से किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं है। उन्होंने ईरान की शर्तों को अव्यावहारिक और बेतुका बताया है।

क्या है ईरान का युद्ध खत्म करने का प्रस्ताव?

ईरान ने युद्ध रोकने के लिए अमेरिका के सामने एक प्रस्ताव रखा है। इसके तहत उसने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करने, कुछ आर्थिक प्रतिबंध हटाने और हवाई हमले रोकने की मांग की है।

इसके बदले ईरान स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज की अपनी नाकेबंदी खत्म करने को तैयार है। ईरान का कहना है कि इस शुरुआती समझौते को दो दिनों के भीतर भी पूरा किया जा सकता है। इसके बाद उसके परमाणु कार्यक्रम और बाकी प्रतिबंधों को लेकर अलग से बातचीत हो सकती है।

हालांकि, अमेरिका इस प्रस्ताव को पहले ही खारिज कर चुका है। दूसरी तरफ ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को अपने प्रस्ताव का बचाव करते हुए इसे बातचीत की मेज पर मौजूद सबसे उचित विकल्प बताया।

कतर की मध्यस्थता पर टिकी निगाहें

कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी सोमवार को वॉशिंगटन में ट्रंप और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात करेंगे। इससे पहले वह पिछले सप्ताह ईरान का दौरा कर चुके हैं।

युद्ध के शुरुआती दिनों से ही कतर दोनों देशों के बीच संदेश पहुंचाने और मतभेद दूर करने की कोशिश करता रहा है। जून में हुए कुछ समय के युद्धविराम पर बातचीत में भी जेडी वेंस की अहम भूमिका थी।

उधर, संयुक्त अरब अमीरात के वरिष्ठ अधिकारी अनवर गर्गाश ने जल्द समझौता होने की संभावना पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच व्यापक राजनीतिक समझौता आसान नहीं दिख रहा। उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय तक अनिश्चितता बने रहने की आशंका जताई है।