
रूस और यूक्रेन के बीच 17 महीने से भी ज़्यादा समय से चल रहे युद्ध में अब दोनों तरफ से एक-दूसरे पर हमले किए जा रहे हैं। एक समय सिर्फ रूस हमले कर रहा था और यूक्रेन अपना बचाव। पर अब यूक्रेन ने भी काउंटरऑफेंस शुरू कर दिया है। ऐसे में अब दोनों तरफ से हमले हो रहे हैं और दोनों ही दुश्मन के हमलों को रोकने की कोशिश में भी लगे हुए हैं। 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुए इस युद्ध की वजह से अब तक यूक्रेन में जान-माल का भारी नुकसान हो चुका है और कई शहरों में भीषण तबाही मच चुकी है।
पर लगातार मिल रहे इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेनी सेना डटकर रुसी सेना का सामना कर रही है और इसी वजह से रुसी सेना को भी इस युद्ध में अब तक काफी नुकसान हो चुका है। पर एडवांस्ड टेक्नोलॉजी के चलते रूस न सिर्फ यूक्रेन पर हमले करते हुए उसे नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि यूक्रेन के हमलों को भी रोकने में सफल हो रहा है। अब रूस को यूक्रेन के खिलाफ एक और सफलता मिली है।
रूस ने एक रात में मार गिराए 13 यूक्रेनी ड्रोन्स
आज रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी सेना ने बीती रात 13 यूक्रेनी ड्रोन्स मार गिराए। इनमें से 11 ड्रोन्स को क्रीमिया (Crimea) के पास मार गिराया गया। उन 11 में से 2 ड्रोन्स को क्रीमिया के सेवास्तोपोल (Sevastopol) शहर के पास मार गिराया और 9 को इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर के ज़रिए मार कर ब्लैक सी (Black Sea) में गिरा दिया गया। वहीं अन्य 2 ड्रोन्स को राजधानी मॉस्को (Moscow) के पास मार गिराया गया।