विदेश

यूक्रेन के साथ शांति की स्थापना के लिए रूस ने मांगी ये गारंटियाँ..

Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति की स्थापना के लिए रूसी डिप्टी विदेश मंत्री ने कुछ गारंटियों की मांग की है, जिन्हें उन्होंने अहम बताया है। क्या है ये गारंटियाँ? आइए नज़र डालते हैं।

2 min read
Mar 17, 2025
Vladimir Putin and Volodymyr Zelenskyy

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को रोकने के लिए कोशिशें जारी हैं। जब से यह युद्ध शुरू हुआ है, तभी से कई देश इसे रोकने की मांग उठा चुके हैं। अब अमेरिका (United States Of America) की तरफ से युद्ध को रोकने के पहले चरण के तौर पर 30 दिन के सीज़फायर का प्रस्ताव पेश किया गया है, जिसे यूक्रेन ने भी ग्रीन सिग्नल दे दिया है। हालांकि अभी तक रूस की तरफ से इसे समर्थन तो दे दिया गया है, लेकिन इसे लागू करने के लिए युद्ध में शांति की स्थापना के स्थायी ज़रिए को अहम बताया है। कुछ दिन पहले ही अमेरिकी अधिकारी स्टीव विटकॉफ (Steve Witkoff) ने रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से मुलाकात की है। विटकॉफ ने रूस-यूक्रेन युद्ध में सीज़फायर लागू करने के प्रस्ताव से जुड़े सभी पहलुओं के बारे में पुतिन को सूचित किया। साथ ही शांति स्थापित करने का डोनाल्ड ट्रंप ((Donald Trump) द्वारा दिया मैसेज भी पुतिन को दिया। अब रूस ने युद्ध में शांति की स्थापना के लिए कुछ गारंटियों की मांग की है।

किन गारंटियों की मांग कर रहा है रूस?

रूस के डिप्टी विदेश मंत्री एलेक्ज़ेंडर ग्रुश्को (Alexander Grushko) ने रविवार को लोकल मीडिया से बात करते हुए युद्ध और इसमें शांति की स्थापना पर बात की। ग्रुश्को ने बताया कि दोनों देशों के बीच शांति की स्थापना के लिए कुछ गारंटियों की ज़रूरत है। आइए नज़र डालते हैं उन गांरंटियों पर, जिनकी मांग रूस कर रहा है।

⦿ नाटो में यूक्रेन की सदस्यता के प्रस्ताव को खारिज करना

ग्रुश्को ने साफ कर दिया है कि दोनों देशों के बीच युद्ध-विराम लागू करने और शांति की स्थापना करने के लिए नाटो में यूक्रेन की सदस्यता के प्रस्ताव को खारिज करना ज़रूरी है। युद्ध शुरू होने की वजह ही यूक्रेन का नाटो की सदयस्ता की मांग उठाना था और रूस शुरू से ही इसके खिलाफ है।

⦿ यूक्रेन रहे तटस्थ

ग्रुश्को ने बताया कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति की स्थापना के लिए ज़रूरी है कि यूक्रेन तटस्थ रहे।

⦿ गैर-हथियारधारी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति

रूस और यूक्रेन के बीच शांति की स्थापना के लिए ग्रुश्को ने यूक्रेन में गैर-हथियारधारी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति को अहम बताया। रूस के डिप्टी विदेश मंत्री ने साफ कर दिया कि यूक्रेन में जिन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, उनके पास किसी भी स्थिति में हथियार नहीं होने चाहिए, क्योंकि इससे मामला सुधरने के जगह और बिगड़ सकता है।



यह भी पढ़ें- नए सेनाध्यक्ष की हुई नियुक्ति, यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेन्स्की ने ब्रिगेडियर जनरल आन्द्रेई ह्नातोव को सौंपी ज़िम्मेदारी

Also Read
View All

अगली खबर