विदेश

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के जाते ही रूस ने यूक्रेन पर दागे ताबड़तोड़ ड्रोन्स और मिसाइलें, कई जगह लगी भीषण आग…लोग हुए हताहत

Russia-Ukraine War: अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल जैसे ही यूक्रेन से गया, रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए।
3 min read
Sep 08, 2026
Russia strikes Ukraine
रूस ने यूक्रेन पर किए ताबड़तोड़ हमले (Photo - Video Screenshot from @ZelenskyyUa)

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को खत्म करवाने के लिए अमेरिका की तरफ से कोशिश की जा रही है। 4 साल से ज़्यादा समय से चल रहे इस युद्ध के स्थायी अंत के लिए शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अपने खास राजदूत स्टीव विटकॉफ (Steve Witkoff) और जेरेड कुशनर (Jered Kushner) को रूस और यूक्रेन भेजा। शनिवार को दोनों रूस और रविवार को यूक्रेन के दौरे पर रहे। दोनों के जाते ही रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए।

रूस ने यूक्रेन पर दागे ताबड़तोड़ ड्रोन्स और मिसाइलें

रूस ने देर रात यूक्रेन पर ताबड़तोड़ ड्रोन्स और मिसाइलें दागे। यूक्रेनी एयरफोर्स ने जानकारी दी कि रूसी सेना द्वारा दागे गए 142 ड्रोन्स को उन्होंने मार गिराया। इसके अलावा 32 में से 31 रूसी क्रूज़ मिसाइलों को भी यूक्रेनी एयरफोर्स ने मार गिराया। साथ ही 2 बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में भी यूक्रेनी सेना को कामयाबी मिली। हालांकि रूसी सेना ने कितने ड्रोन्स और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया, इसकी जानकारी नहीं दी।

2 लोगों की मौत, 10 घायल

कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को के अनुसार यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी हवाई हमलों में 2 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि इन हमलों से शहर के डार्नित्स्की, होलोसीव्स्की, पोडिल्स्की, शेवचेंकिव्स्की और सोलोमियांस्की ज़िलों में नुकसान हुआ है। यूक्रेन की इमरजेंसी सर्विस के अनुसार रूसी ड्रोन अटैक ने कीव के साथ-साथ शहर के बाहरी इलाकों में बोरिस्पिल और फास्टिव ज़िलों की इमारतों को भी निशाना बनाया।

हमले के बाद की स्थिति से निपटने की कोशिशें जारी

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "कीव और उसके आस-पास के इलाकों के साथ-साथ कई अन्य क्षेत्रों में रूसी हमले के बाद की स्थिति से निपटने की कोशिशें रात से ही जारी हैं। यह एक घातक हमला था जिसे रूसी सेना ने जान-माल को ज़्यादा से ज़्यादा नुकसान पहुंचाने के मक़सद से प्लान किया था। इसमें बैलिस्टिक मिसाइलें, क्रूज़ और एंटी-शिप मिसाइलें और जेट-पावर्ड शाहेद ड्रोन्स शामिल थे। राजधानी में रिहायशी इमारतों और आम लोगों के इस्तेमाल की अन्य बुनियादी सुविधाओं को काफी नुकसान पहुंचा है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 10 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें भी मेडिकल मदद की ज़रूरत है, उन्हें वो मिल रही है। स्टेट इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारियों ने 13 लोगों को बचाया। दुःख की बात है कि 2 लोगों की मौत हो गई। मैं उनके परिवारों और चाहने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

"कीव क्षेत्र में अहम बुनियादी ढांचे पर हमला किया गया। ओडेसा क्षेत्र में एक आम बाजार को निशाना बनाया गया। खारकीव में 2 लोग घायल हुए। एक अपार्टमेंट बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा। सुबह सुमी क्षेत्र के एक रेलवे स्टेशन पर कीव-सुमी ट्रेन के इंजन पर हमला किया गया। अच्छी बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ। लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम चल रहा है। ज़ापोरिज्जिया और निप्रो क्षेत्र को भी निशाना बनाया गया।"

"कुल मिलाकर हमारे सैनिकों ने रात भर में हवा में मौजूद 175 लक्ष्यों को मार गिराया, लेकिन अफसोस कि वो सभी को नहीं रोक पाए। क्रूज़ मिसाइलों के ख़िलाफ बहुत अच्छे नतीजों के बावजूद बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकना अभी भी काफी मुश्किल है और हम हर दिन अपने सहयोगियों के सामने इंटरसेप्टर की अपनी ज़रूरत के बारे में बात करते हैं। हमने इस बारे में अमेरिकियों और यूरोपियों से पहले ही बात कर ली है और आज भी उन देशों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ और बैठकें होंगी जो सप्लाई और हमारे एंटी-बैलिस्टिक सिस्टम FREYJA के मामले में मदद कर सकते हैं। मैं उन सभी सहयोगियों का शुक्रिया अदा करता हूं जो यूक्रेन के एयर डिफेंस को मज़बूत करने को प्राथमिकता देते हैं। इसका सीधा मतलब है लोगों की जान बचाना।"

Updated on:
08 Sept 2026 02:59 pm
Published on:
08 Sept 2026 02:57 pm