
रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच 3 साल से भी ज़्यादा समय से युद्ध चल रहा है। 24 फरवरी, 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था और तभी से यह युद्ध जारी है। युद्ध की शुरुआत में लगा था कि रूसी सेना कुछ दिन में ही जीत हासिल कर लेगी, लेकिन लगातार मिले इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेनी सेना अभी भी रूसी सेना के सामने डटी हुई है। यूक्रेन में इस युद्ध की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। कई शहर तबाह हो गए हैं। रूसी सेना ने भी युद्ध में कई सैनिक गंवा दिए हैं। इस युद्ध में अब तक यूक्रेन के लिए अमेरिका (United States Of America) सबसे बड़ा मददगार रहा है, लेकिन अब अमेरिका ने यूक्रेन को एक बड़ा झटका दे दिया है।
युद्ध के दौरान अमेरिका ने एक बड़ा फैसला लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को दिए जाने वाले कई अहम हथियारों की सप्लाई पर रोक लगा दी है। अमेरिका ने यूक्रेन को इन हथियारों की सप्लाई का वादा तब किया था जब जो बाइडन (Joe Biden) अमेरिकी राष्ट्रपति थे। व्हाइट हाउस (White House) की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई।
व्हाइट हाउस की उप प्रेस सचिव एना कैली (Anna Kelly) ने एक बयान में कहा, "यह फैसला अमेरिका के हितों को सर्वोपरि रखने के लिए लिया गया है। अमेरिकी रक्षा विभाग ने हमारे देश के सैन्य समर्थन और विश्व भर के अन्य देशों को दी जाने वाली सहायता की समीक्षा की है और उसके बाद ही यह फैसला लिया गया है।"
अमेरिका के अहम हथियारों की सप्लाई पर रोक लगाने से रूस के खिलाफ यूक्रेन को नुकसान होगा। न सिर्फ यूक्रेन का डिफेंस, बल्कि ऑफेंस भी कमज़ोर होगा, जिसका फायदा रूसी सेना उठाएगी।