विदेश

यूक्रेनी रेलवे स्टेशन पर रूस का ड्रोन अटैक, 13 लोगों की मौत

Russia-Ukraine War: रूस ने आज यूक्रेनी रेलवे स्टेशन पर ड्रोन अटैक करते हुए हाहाकार मचा दिया। इस हमले में अब तक 13 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 4:43 PM IST
Russian drone attack on Ukrainian railway station
यूक्रेनी रेलवे स्टेशन पर रूस का ड्रोन अटैक (Photo - @ZelenskyyUa)

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध (Russia-Ukraine War) 56 महीने बीत जाने के बाद भी रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रूस लगातार यूक्रेन पर हमले कर रहा है। यूक्रेन भी रूसी सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहा है, जिससे युद्ध बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच आज रूस ने यूक्रेन के एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया।

रेलवे स्टेशन पर ड्रोन अटैक, 13 लोगों की मौत और 10 घायल

रूसी सेना ने आज यूक्रेन के एक रेलवे स्टेशन पर ड्रोन अटैक किया है। इस ड्रोन अटैक में 13 लोगों की मौत हो गई है। 10 अन्य लोग इस हमले में घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

ज़ेलेन्स्की ने की संवेदना व्यक्त

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "निप्रो के रेलवे स्टेशन पर रूस का एक भयानक हमला हुआ है। रूस ने एक प्लेटफॉर्म पर ड्रोन से हमला किया, जहाँ एक आम यात्री ट्रेन और एक निर्धारित पैसेंजर ट्रेन खड़ी थीं। दुर्भाग्य से अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर सभी जरूरी आपातकालीन सेवाएं काम कर रही हैं।"

"प्रतिबंधों में कोई ढील नहीं दी जानी चाहिए"

ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, "रूस ने तनाव कम करने के बजाय, कुछ रूसी कुलीन वर्ग के लोगों और रूसी ऊर्जा क्षेत्र से प्रतिबंध हटाए जाने के बाद से हमारे लोगों पर कितने आतंकी हमले किए हैं? यही कारण है कि यूक्रेन हमेशा कहता रहा है कि रूस की बढ़ती आक्रामकता के जवाब में अमेरिका और यूरोप को उचित और निर्णायक कदम उठाने चाहिए। जब तक यह रूसी युद्ध जारी है, तब तक रूस और उसके युद्ध तंत्र पर लगे प्रतिबंधों में कोई ढील नहीं दी जानी चाहिए। अब समय आ गया है कि यूरोपीय संघ, अमेरिका और G7 नए और कड़े प्रतिबंध लागू करें। मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं जो इस तरह से हमारी मदद करने के लिए तैयार हैं।"