विदेश

रातभर गूंजते रहे धमाके: कीव में रूसी हमलों से बिजली आपूर्ति ठप, तीन लोगों की मौत

कीव पर रातभर रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों में 3 लोगों की मौत और 9 घायल हुए। DTEK के अनुसार पांच जिलों में बिजली गुल रही। जानें पूरी खबर।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 4:58 PM IST
Russian drone strike
कीव में रातभर मिसाइल-ड्रोन हमले, पांच जिलों में अंधेरा, Photo- ChatGpt

Russian Missile Attack: कीव पर बीती रातभर रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों में 3 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए, जबकि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। ऊर्जा प्रदाता कंपनी डीटीईके (DTEK) के अनुसार, पेचेर्स्की, सोलोमियांस्की, होलोसिवस्की, निप्रोवस्की और दार्नित्स्की जिलों के कई बड़े हिस्सों में बिजली गुल हो गई।

रूस ने केर्च ब्रिज हमले का लिया बदला

ये हमले राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुए, जिसमें उन्होंने इस हफ्ते यूक्रेन द्वारा महत्वपूर्ण 'केर्च ब्रिज' पर किए गए तीन हवाई हमलों का बदला लेने का दावा किया था। यह पुल रूस के मुख्य भू-भाग को कब्जे वाले क्रीमिया से जोड़ता है।

पुतिन ने बीते गुरुवार को चीन में पत्रकारों से कहा कि रूस इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब देगा और इस बारे में वे पूरी तरह आश्वस्त हैं। पुतिन वहां चीन और अमेरिका के राष्ट्रपतियों के साथ एक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने गए थे। पुतिन ने बताया कि पुल का सड़क वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और उन्होंने इसे फिर से बनाने का वादा किया।

विद्युत सप्लाई सिस्टम ध्वस्त

कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि राजधानी के 4 जिलों में हमले हुए। इन हमलों के कारण बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ऊर्जा प्रदाता कंपनी DTEK ने बताया कि हमलों के बाद पेचेर्स्की, सोलोमियांस्की, होलोसीव्स्की, निप्रोव्स्की और डार्नित्स्की जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली गुल हो गई।
यूक्रेन के ओबोलोन्स्की और होलोसीव्स्की जिलों में गैर-आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा, जबकि पोदिलस्की और डार्नित्स्की जिलों में परिवहन और लॉजिस्टिक्स ढांचे पर बड़ा असर पड़ा।

कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने कहा कि, बैलिस्टिक मिसाइल हमले से पोदिलस्की ब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण अधिकारियों को निप्रो नदी के दाएं किनारे से बाएं किनारे की ओर जाने वाले यातायात को बंद करना पड़ा। ड्रोन हमले में डार्नित्स्की ब्रिज को भी नुकसान पहुंचा है।

सदर्न ब्रिज पर भी हमला

रूस ने 'सदर्न ब्रिज' (दक्षिणी पुल) पर भी भीषण हमला किया, जहां अभी भी यातायात सीमित है। उन्होंने बताया कि यहां 18 टन तक वजनी सार्वजनिक परिवहन वाहनों को ही आने-जाने दिया जा रहा है। क्लिट्स्को ने निवासियों से जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक निजी कारों से शहर में यात्रा करने से बचने की अपील की है। उन्होंने व्यवसायों और संस्थानों से कहा कि जहां तक ​​संभव हो, कर्मचारियों के लिए 'रिमोट वर्किंग' की व्यवस्था करें।

Updated on:
20 Nov 2026, 4:58 PM IST
Published on: