Is Vladimir Putin In Bunker?: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बंकर में छिपे होने के दावे वेस्टर्न मीडिया द्वारा किए जा रहे हैं। हालांकि अब क्रेमलिन ने इन दावों को झूठा साबित कर दिया है। ऐसा करने के लिए क्रेमलिन ने रूसी राष्ट्रपति का एक वीडियो शेयर किया है।
रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को 4 साल से ज़्यादा समय बीत चुका है। काफी कोशिशों के बावजूद भी अब तक युद्ध का अंत नहीं हुआ है, जिसकी वजह से अब तक काफी तबाही मच चुकी है। हाल ही में हुए तीन दिन के सीज़फायर का भी कोई फायदा नहीं निकला और इसके खत्म होते ही रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर हमले शुरू कर दिए हैं। हाल ही में यूरोपीय खुफिया रिपोर्ट के हवाले से वेस्टर्न मीडिया ने दावा किया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने कई हफ्ते बंकर में बिताए हैं। इन दावों पर अब क्रेमलिन (Kremlin) की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आ गई है।
वेस्टर्न मीडिया अफवाहें फैला रही हैं कि सुरक्षा कारणों से पुतिन हफ्तों तक अंडरग्राउंड बंकर में छिपकर रहे। इन रिपोर्ट्स का खंडन करते हुए क्रेमलिन ने उनका नया वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कार चलाते हुए, मॉस्को में घूमते हुए, लोगों से मिलते हुए नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो में पुतिन अपनी पुरानी स्कूल टीचर से भी मुलाकात करते दिख रहे हैं। अपनी स्कूल टीचर से मिलने के पुतिन ने उन्हें अपनी कार में बिठाकर घुमाया भी, जो वीडियो में देखा जा सकता है।
पुतिन का यह वीडियो 9 मई को विक्ट्री डे परेड से पहले का है। क्रेमलिन ने इसे शेयर करते हुए वेस्टर्न मीडिया के पुतिन से जुड़े दावों को झूठा और बकवास बताया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रूस में हर साल 9 मई को द्वितीय विश्व युद्ध में नाज़ी जर्मनी पर जीत के जश्न के तौर पर बड़े धूमधाम से विक्ट्री परेड निकाली जाती है। इसी वजह से यूक्रेन के साथ 3 दिन के लिए सीज़फायर की घोषणा की गई थी।
पुतिन के नए वीडियो के सामने आने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी राय देना शुरू कर दिया है। कुछ विश्लेषकों का कहना है कि ऐसे वीडियो रूसी प्रचार का हिस्सा हो सकते हैं, जिससे पुतिन की छवि को मज़बूत और बेहतर करके पेश किया जा सके।