
SAP Layoffs Due to AI: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में खुद को ढालने के लिए यूरोप की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी SAP बड़े पुनर्गठन की तैयारी में है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी कम से कम 10,000 पद खत्म करने की योजना बना रही है। यह उसके वैश्विक कार्यबल का कम से कम 9% हिस्सा होगा।
फिलहाल SAP में दुनियाभर में 1.10 लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं। हालांकि, छंटनी का अंतिम आंकड़ा तय नहीं हुआ है और कर्मचारी प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद इसमें बदलाव हो सकता है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिश्चियन क्लाइन ने इस जर्मन सॉफ्टवेयर दिग्गज को AI पर केंद्रित बनाने की रफ्तार तेज कर दी है। नेतृत्व सॉफ्टवेयर तैयार करने और बेचने के तरीकों को नए सिरे से डिजाइन कर रहा है।
SAP का खास जोर अपने तमाम एप्लिकेशन में AI क्षमताएं जोड़ने पर है। इससे पहले कंपनी की AI आधारित प्रोडक्ट शुरू करने की कोशिश में कथित तौर पर दिक्कतें आई थीं।
पुनर्गठन के तहत सभी कारोबारी इकाइयों से लागत घटाने की गुंजाइश तलाशने को कहा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोडक्ट, इंजीनियरिंग और सेल्स विभागों की विशेष समीक्षा हो सकती है।
नौकरियों में कटौती पर SAP ने कोई टिप्पणी नहीं की। ब्लूमबर्ग को दिए बयान में कंपनी ने सिर्फ इतना कहा कि वह लगातार समीक्षा करती है ताकि संगठन उसकी रणनीति और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप रहे।
वाल्डोर्फ स्थित कंपनी इस साल अपने कार्यकारी बोर्ड का दो बार पुनर्गठन कर चुकी है। बोर्ड के छह में से दो सदस्य मार्च में कंपनी छोड़ने वाले हैं।
प्रोडक्ट प्रमुख मुहम्मद आलम का अनुबंध मार्च में खत्म हो रहा है, जिसका नवीनीकरण नहीं हुआ। उनकी ज्यादातर जिम्मेदारियां क्लाइन संभाल चुके हैं। वहीं, सेल्स प्रमुख थॉमस साउरेसिग ने हाल में इंटरनेट सेवा प्रदाता आयनॉस ग्रुप का CEO बनने के लिए SAP छोड़ने का ऐलान किया है।
तीन साल से भी कम समय पहले, 2024 में, SAP ने लागत घटाने के लिए बड़ा पुनर्गठन किया था, जिसका असर करीब 10,000 पदों पर पड़ा था। तब मुख्य रूप से स्वैच्छिक विदाई और कर्मचारियों को दोबारा प्रशिक्षण देने का रास्ता अपनाया गया। नई भर्तियों के कारण कुल कर्मचारी संख्या लगभग स्थिर रही थी।
कर्मचारियों की बड़ी संख्या वाले जर्मनी में नई कटौती को जांच-परख से गुजरना पड़ सकता है। कंपनी की लेबर काउंसिल ने इस साल 2028 तक लागू रहने वाली रोजगार गारंटी पर सहमति हासिल की थी।
इस बीच, भर्ती धीमी पड़ने के संकेत भी मिले हैं। SAP के मुख्य वित्तीय अधिकारी डोमिनिक आसम ने पिछले सप्ताह मॉर्गन स्टेनली के सम्मेलन में कहा कि इस साल कर्मचारी संख्या कुछ बढ़ी है, लेकिन यह रुझान नहीं पलटा तो उन्हें काफी हैरानी होगी।