
हूती विद्रोहियों (Houthis) के खिलाफ यमन (Yemen) की सरकारी सेना लगातार कार्रवाई कर रही है। सऊदी अरब (Saudi Arabia) की सेना भी हूतियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। सऊदी अरब की सेना की एयरस्ट्राइक्स और यमनी सेना के हमलों में पिछले कुछ दिनों में हूतियों को काफी नुकसान भी हुआ और कुछ इलाके भी उनके हाथ से चले गए। इतना ही नहीं, कई हूती विद्रोही भी मारे गए। सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन की सेनाएं भी समय-समय पर हूतियों के ठिकानों पर हमले कर रही हैं और आज फिर ऐसा ही देखने को मिला।
यमन की सरकार का समर्थन करने वाले सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन की सेना के प्रवक्ता कर्नल तुर्की अल-मलिकी (Turki al-Maliki) का कहना है कि उनकी सेना ने उन तीन रॉकेट लॉन्चर्स को तबाह कर दिया है जिनका इस्तेमाल हूती विद्रोही क्षेत्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए करते थे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इन रॉकेट लॉन्चर्स का इस्तेमाल हूती विद्रोही यमन की सरकारी सेना के ठिकानों के साथ ही सऊदी अरब पर हमलों के लिए भी करते थे। अल-मलिकी ने यह भी कहा कि नागरिकों और नागरिक सुविधाओं पर हूतियों के सभी हमलों का करारा जवाब दिया जाएगा।
यमन की राजधानी सना पर भी सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन की सेना ने आज एयरस्ट्राइक्स की हैं, जिसकी जानकारी हूती विद्रोहियों से जुड़े मीडिया आउटलेट्स ने दी। हालांकि इन एयरस्ट्राइक्स में कितना नुकसान हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राजधानी सना पर हूतियों का कब्ज़ा है।
यमन के उप-रक्षा मंत्री मेजर-जनरल समीर अल-सबरी (Samir al-Sabri) ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया है कि देश की राजधानी सना को हूतियों के कब्ज़े से आज़ाद कराना उनका सैन्य लक्ष्य है। अल-सबरी ने कहा, "सना अभी भी सीधे तौर पर एक सैन्य लक्ष्य है और सरकारी सेना को इसे हासिल करने के लिए जंग शुरू करने से जो चीज़ रोक रही है वो है समय और सना के आस-पास के इलाकों को पार करने की चुनौती।"