
गल्फ (Gulf) में एक जहाज पर धमाके का मामला सामने आया है। यह जहाज तेल लेकर जा रहा था और इस पर मार्शल आइलैंड्स (Marshall Islands) का झंडा लगा हुआ था। जानकारी के अनुसार कतर (Qatar) के मदीनात अश शमाल से करीब 50 समुद्री मील उत्तर में, 74,998 DWT वाले एमटी वेलोस सैफायर (MT Velos Sapphire) जहाज पर एक हमले की वजह से धमाका हुआ, जिसके बाद उसमें आग लग गई। बताया जा रहा है कि जहाज बहरीन (Bahrain) जा रहा था।
एमटी वेलोस सैफायर जहाज के मैनेजर ने बताया कि यह धमाका मिसाइल अटैक की वजह से हुआ। इस हमले के कारण जहाज के पिछले हिस्से में धमाका हुआ और आग लग गई, जिसे बाद में बुझा दिया गया।
गल्फ में जहाज पर हुए इस मिसाइल अटैक में एक नाविक की मौत हो गई है। जहाज पर हमले के बाद नाविक लापता हो गया था। हालांकि कुछ देर बाद वह जहाज पर ही मिला, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया। इस वजह से उसकी मौत हो गई। ग्रीस (Greece) की मैनेजमेंट कंपनी वेलोसो टैंकर्स इस जहाज को प्रबंधन देख रही थी और कंपनी ने नाविक की मौत पर दुःख जताया है। इस मिसाइल अटैक में और कोई हताहत नहीं हुआ।
इस पूरे मामले की जल्द ही जांच शुरू की जाएगी। जहाज़ के ढांचे को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन किया जा रहा है। जहाज पर यह हमला किसने किया, फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इसकी भी जांच की जा रही है। हमले के बाद जहाज को बहरीन के खलीफा बिन सलमान बंदरगाह ले जाया गया है।
जहाजों पर हमलों के मामले बढ़ रहे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) हो, या ईरान-अमेरिका युद्ध (Iran-US War) , दोनों युद्धों की वजह से इनके आस-पास के समुद्री क्षेत्रों में कई जहाजों पर हमले हुए हैं और इनमें कई नाविकों की मौत हुई है। भारत (India) समेत कई देशों ने जहाजों और नाविकों पर हमलों की समय-समय पर आलोचना की है और इन्हें रोकने की मांग उठाई है।